लखनऊ, 6 जनवरी (आरएनएस ) । मादक पदार्थों की बिक्री और सेवन पर पूरी तरह अंकुश लगाने के उद्देश्य से लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट ने शहर भर में एक व्यापक और सघन विशेष अभियान चलाया। 05 जनवरी 2026 को संचालित इस अभियान के तहत शहर के सभी पांच जोनों में एक साथ कार्रवाई करते हुए 30 संदिग्ध स्थानों पर छापेमारी की गई। इस दौरान मादक पदार्थों के अवैध कारोबार से जुड़े 100 से अधिक लोगों को चिन्हित किया गया, 6 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया और कुल 5678 ग्राम मादक पदार्थ बरामद किया गया। इस कार्रवाई से नशे के अवैध नेटवर्क में हड़कंप मच गया है।नगरवासियों की ओर से लगातार मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस आयुक्त अमरेंद्र कुमार सेंगर के दिशा-निर्देशन और संयुक्त पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) बबलू कुमार के निकट पर्यवेक्षण में यह विशेष सघन अभियान संचालित किया गया। अभियान के लिए एंटी नार्कोटिक्स टीम, स्वाट टीम और संबंधित थानों की संयुक्त टीमें गठित की गईं। गहन अभिसूचना संकलन के बाद भरवारा क्रॉसिंग, फन मॉल, मडिय़ांव पुल, सिंगापुर मॉल सहित अन्य संवेदनशील स्थानों को चिन्हित किया गया, जहां मादक पदार्थों की बिक्री की शिकायतें सामने आ रही थीं।अभियान के दौरान अपर पुलिस उपायुक्त और सहायक पुलिस आयुक्तों के नेतृत्व में गठित पुलिस टीमों ने एक साथ छापेमारी करते हुए थाना विभूतिखंड, गोमतीनगर, गाजीपुर और मडिय़ांव क्षेत्र में चार अभियोग दर्ज किए। इन मामलों में छह अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है, जिनसे गहन पूछताछ की जा रही है। पूछताछ के दौरान मादक पदार्थों की आपूर्ति से जुड़े अन्य व्यक्तियों और संभावित ठिकानों के बारे में भी महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आई हैं। एंटी नारकोटिक्स फोर्स की मदद से सामने आए नए नामों और स्थानों को लेकर पुलिस द्वारा विस्तृत जांच की जा रही है।लखनऊ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जनपद में मादक पदार्थों के सेवन और बिक्री से जुड़ी किसी भी अवैध गतिविधि को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यह अभियान केवल एक दिन की कार्रवाई नहीं बल्कि एक निरंतर प्रक्रिया है, जिसके तहत भविष्य में भी ऐसे सभी संभावित स्थानों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि नशे से जुड़ी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समाज को इस गंभीर सामाजिक बुराई से मुक्त किया जा सके।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

