लखनऊ 6 जनवरी (आरएनएस )। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से आज समाजवादी पार्टी के राज्य मुख्यालय, लखनऊ में अखिल भारतीय महिला विकास संस्थान के प्रतिनिधिमंडल ने भेंट की। यह प्रतिनिधिमंडल अरविन्द यादव के नेतृत्व में पहुंचा था। संस्थान शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में कार्य कर रहा है और समाज में जागरूकता फैलाने के लिए विभिन्न कार्यक्रमों का संचालन करता है। संस्थान के माध्यम से महिलाओं को सिलाई-कढ़ाई का प्रशिक्षण दिया जाता है और बच्चों की शिक्षा की भी व्यवस्था की जाती है।प्रतिनिधिमंडल में शामिल महिलाओं ने बातचीत के दौरान कहा कि वर्तमान भाजपा सरकार से उन्हें किसी प्रकार का सहयोग नहीं मिल रहा है। महिलाओं का जीवन असुरक्षित हो गया है और बेटियों व महिलाओं के लिए जो योजनाएं समाजवादी सरकार के दौरान संचालित थीं, वे अब बंद कर दी गई हैं। उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार में मिलने वाली कन्या विद्याधन योजना, महिला पेंशन जैसी सुविधाएं समाप्त कर दी गई हैं। आशा ज्योति केंद्रों में कार्यरत महिलाओं को मानदेय नहीं मिल रहा है। पिछड़ी, दलित और मुस्लिम महिलाओं को समाजवादी सरकार के समय जो सहायता मिलती थी, वह भी अब खत्म हो चुकी है।महिलाओं ने वर्ष 2027 में अखिलेश यादव के नेतृत्व में समाजवादी सरकार बनाने का संकल्प दोहराते हुए कहा कि उन्हें अखिलेश यादव पर पूरा भरोसा है। प्रतिनिधिमंडल ने उम्मीद जताई कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर महिलाओं के हित में पुन: सभी कल्याणकारी योजनाएं लागू की जाएंगी और उनके अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित होगी।अखिलेश यादव ने प्रतिनिधिमंडल को भरोसा दिलाया कि समाजवादी सरकार बनने पर महिलाओं की सभी जायज मांगें पूरी की जाएंगी। उन्होंने पिछली समाजवादी सरकार के कार्यों को याद दिलाते हुए कहा कि उस समय महिलाओं की सुरक्षा के लिए 1090 वूमेन पावर लाइन शुरू की गई थी, 108 और 102 एंबुलेंस सेवाएं, डायल 100, मुफ्त इलाज की व्यवस्था की गई थी। छात्र-छात्राओं को लैपटॉप वितरित किए गए थे और मल्टी न्यूट्रिशन मिशन जैसे कार्यक्रम चलाए गए थे। उन्होंने कहा कि 2027 में समाजवादी सरकार आने पर महिलाओं को 40 हजार रुपये प्रतिवर्ष देने की योजना लागू की जाएगी, जिससे एक करोड़ महिलाएं लाभान्वित होंगी। पिछली सरकार में समाजवादी पेंशन के तहत 55 लाख महिलाओं को प्रतिमाह 500 रुपये दिए जा रहे थे।इस अवसर पर अभिलाष सिंह, सुधीर कुमार के साथ रेणु सिंह, अवनीत कौर, सुनीता गौतम, शहनाज, राजदीप कौर, दीपिका, अनिता चौधरी, कुसुम गौतम, सुषमा गौतम, अर्चना, सुखरानी कनौजिया, प्रभा देवी और सोनी सहित कई महिलाएं मौजूद रहीं।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

