लखनऊ 6 जनवरी (आरएनएस )। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा पर तीखा हमला करते हुए कहा कि भाजपा बेईमानी पर उतर आई है और उसने उत्तर प्रदेश को लूट लिया है। प्रदेश में भ्रष्टाचार चरम पर है और जनता को गुमराह करने के लिए भाजपा केवल दिखावटी कदम उठा रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा मंत्रिमंडल विस्तार जैसे हथकंडों से जनता को धोखा देना चाहती है, लेकिन अब प्रदेश की जनता सब समझ चुकी है। 2027 में भाजपा को सत्ता से हटाने का निश्चय जनता कर चुकी है।मंगलवार को समाजवादी पार्टी के राज्य मुख्यालय, लखनऊ में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से मुलाकात के बाद अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार पूरी तरह विफल हो चुकी है। महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार ने आम आदमी का जीना मुश्किल कर दिया है। सरकार की नाकामियों के कारण उसका जाना तय है और आने वाली सरकार समाजवादी पार्टी की होगी। उन्होंने कहा कि जनता का भरोसा समाजवादी पार्टी पर है और 2012 से 2017 के बीच समाजवादी सरकार में हुए विकास कार्य आज भी लोगों को याद हैं।अखिलेश यादव ने निर्वाचन प्रक्रिया को लेकर भी गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि एसआईआर के मामले में निर्वाचन आयोग की विश्वसनीयता पर प्रश्नचिह्न लगा है और भाजपा लोकतंत्र को कमजोर करने का काम कर रही है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि हर मतदाता का नाम मतदाता सूची में जरूर जुड़वाया जाए और सभी लोग बूथ स्तर पर मजबूती से जुटें, क्योंकि उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव पर लोकतंत्र का भविष्य निर्भर है और भाजपा के षड्यंत्रों को हर हाल में विफल करना है।उन्होंने कहा कि 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाकर प्रदेश में सामाजिक न्याय के राज की स्थापना की जाएगी, जहां सबको सम्मान और न्याय मिलेगा और प्रदेश का समग्र विकास होगा। उन्होंने यह भी कहा कि समाजवादी सरकार बनने पर गोमती रिवरफ्रंट पर महाराजा बिजली पासी की सोने की प्रतिमा स्थापित की जाएगी और सभी महापुरुषों का सम्मान किया जाएगा। अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी विचारधारा ही समाज को सही दिशा में ले जा सकती है और समाजवादी पार्टी संविधान और लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई मजबूती से लड़ रही है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

