नैनीताल 6 जनवरी (आरएनएस)। खैरना गरमपानी बाजार में सड़क किनारे लंबे समय से खुली पड़ी नालियों और बंद कलमटों का मंगलवार को राजस्व विभाग और राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग की टीम ने निरीक्षण किया। लोगों को आश्वस्त किया कि जल्द ही बंद कलमटों को खोला जाएगा और नालियों को ढका जाएगा। ब्लॉक प्रमुख अंकित साह ने अधिकारियों को बताया, कि खुली नालियां दुर्घटनाओं का बड़ा कारण बन सकती हैं। खैरना छड़ा के ग्राम प्रधान प्रतिनिधि बालम सिंह पिनारी ने टैक्सी स्टैंड के समीप बंद पड़े कलमट को लेकर बताया कि पानी की निकासी अवरुद्ध होने से बरसात में बाजार में जलभराव की स्थिति बन जाती है। ब्लॉक प्रमुख ने टैक्सी स्टैंड क्षेत्र में इंटरलॉक टाइलें लगाने व खैरना से गरमपानी बाजार तक फुटपाथ पर इंटरलॉक टाइल बिछाने की मांग रखी। एनएच के अधिशासी अभियंता आशुतोष ने जल्द समाधान का आश्वासन दिया। इस दौरान एसडीएम मोनिका, कानूनगो नरेश असवाल, एनएच के सहायक अभियंता रमेश चंद्र पांडे, प्रकाश सिंह रातैला, चौकी प्रभारी रमेश पंत, हितेश साह, मनोज पांडे, नीरज जलाल, भरत जलाल रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

