तरनतारन 07 Jan, (Rns)- अमृतसर में AAP के सरपंच जरमल सिंह की हत्या के मामले में शामिल एक आरोपी गैंगस्टर को पुलिस ने एनकाउंटर में मार गिराया है। पुलिस के मुताबिक, कुख्यात गैंगस्टर हरनूर सिंह को तरन तारन जिले में हुई मुठभेड़ के दौरान ढेर किया गया। हरनूर सिंह पर सरपंच हत्याकांड की साजिश में शामिल होने का आरोप था।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मंगलवार को तरन तारन सीआईए और एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) की संयुक्त टीम ने खुफिया सूचना के आधार पर भीखीविंड इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया था। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर जा रहे संदिग्ध हरनूर सिंह को रोकने की कोशिश की गई। डीआईजी स्नेहा दीप शर्मा के अनुसार, पुलिस की मौजूदगी का आभास होते ही आरोपी ने मोटरसाइकिल छोड़ दी और भागने की कोशिश करते हुए पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें हरनूर सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया।
अस्पताल में तोड़ा दम, पिस्तौल बरामद
मुठभेड़ के दौरान एक पुलिसकर्मी को गोली लगी, लेकिन बुलेटप्रूफ जैकेट होने के कारण उसकी जान बच गई। घायल आरोपी को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौके से एक पिस्तौल भी बरामद की गई है। पुलिस के मुताबिक, हरनूर सिंह अमृतसर के कठूनंगल इलाके का रहने वाला था और प्रभा दस्सुवाल–अफरीदी गैंग के लिए सक्रिय रूप से काम करता था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि उसने सरपंच जरमल सिंह की हत्या से पहले रेकी की थी। हत्याकांड में उसकी भूमिका को लेकर तरन तारन और अमृतसर पुलिस की टीमें संयुक्त रूप से जांच कर रही हैं।

