*बिहार की विधवा महिला के लिए वकील बना फरिश्ता, हक के 21 लाख दिलाए,बदले में मांगा सिर्फ आशीर्वाद, खूब हो रही चर्चा*
मुजफ्फरपुर: 25 April (rns)/-
फर्ज करिए कि आप किसी बड़ी मुसीबत में हों और कोई फरिश्ता बनकर आपकी मदद कर दे. आप उसे न जाने कितनी दुआएं देंगे. ठीक ऐसा ही हुआ बिहार के मुजफ्फरपुर में. यहां एक बुजुर्ग विधवा महिला की एक वकील ने वो मदद कर दी जिसके लिए उसने न जाने कितनी बार कोर्ट की चौखट तक आई और वापस निराश लौट गई. वकील ने न सिर्फ महिला को उसके हक के 21 लाख रुपये दिलवाए बल्कि उससे फीस के नाम पर एक पैसे भी नहीं लिए. विधवा महिला ने वकील की इस खास मदद पर उसे आशीर्वाद दिया. इस घटना की अब ओर सराहना हो रही है.
मामले को लेकर मानवाधिकार आयोग के अधिवक्ता एस के झा ने बताया की मुजफ्फरपुर जिले के गायघाट थाना क्षेत्र के बेरुआ गांव की रहने वाली अमेरिका देवी के पति बिहार पुलिस में कार्यरत थे. कई वर्ष पूर्व उनके पति की मृत्यु हो गई. पति के मौत के बाद विभाग की ओर से मिलने वाला पैसा किसी कारणवश कई वर्षों तक विभाग में ही लटका रहा. इस बीच महिला की एक बेटे की भी बीमारी के कारण मौत हो गई और जो दो बेटे जीवित हैं उन्होंने अपनी मां के साथ मारपीट कर घर से बेघर कर दिया
अधिवक्ता एस के झा ने आगे बताया कि पिता के मौत के बाद विभाग से मिलने वाला पैसों पर दोनों बेटे की निगाह थी. मामला काफी दिनों से जिलाधिकारी के पास लंबित था, जिसके बाद महिला पहुंची और पूरे मामले की जानकारी दी. तभी मैंने फैसला किया था कि महिला को उनका हक दिला कर रहूंगा. मामले की जानकारी देने के बाद महिला ने फीस की चर्चा की तो मैंने कहा कि जब मैं आपको न्याय दिला दूं तो एक बार आप मुझे अपना आशीर्वाद दे दीजिएगा और अब महिला को न्याय मिल गया तो महिला ने कोर्ट पहुंचकर मुझे आशीर्वाद दिया.

