मेरठ 7 जनवरी (आरएनएस)। बेगमपुल से लालकुर्ती, कमिश्नरी आवास चौराहा होते हुए मवाना रोड पर यशोदा कुंज कालोनी तक चौड़ीकरण होगा। तीन मीटर चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण किया जाएगा। एक तरफ जहां शासन से धन आवंटन की स्वीकृति मिल गई है, वहीं पीडब्ल्यूडी ने इसका टेंडर भी जारी कर दिया है। इसका सड़क का स्वामित्व लोक निर्माण विभाग के पास है, जिसमें से कुछ हिस्सा प्रांतीय खंड व कुछ हिस्सा निर्माण खंड के पास है।
वर्तमान में इस सड़क की चौड़ाई (डिवाइडर से एक तरफ) सात मीटर है, जिसे बढ़ाकर 8.5 मीटर तक बढ़ाई जाएगी। लागत 39.21 करोड़ है। सुदृढ़ीकरण व चौड़ीकरण के अंतर्गत बिजली के पोल स्थानांतरण, पेड़ व सड़क का निर्माण आदि कार्य इस लागत में शामिल हैं। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता संजय सिंह का कहना है कि वित्तीय व्यय समिति की स्वीकृति मिल गई है। बिजली के पोल, यूटिलिटी शिफ्टिंग, पेड़ संबंधित कार्य जल्द शुरू होगा।
इन कालोनियों को मिलेगा लाभ
कमिश्नरी आवास चौराहा से यशोदा कुंज तक चौड़ीकरण के बाद गंगानगर, डिफेंस कालोनी, रक्षापुरम, अम्हेड़ा, कसेरू बक्सर, राधा गार्डन, कसेरूखेड़ा व मवाना की तरफ से आने-जाने वाले वाहनों को लाभ मिलेगा। कसेरूखेड़ा पुल पर लगने वाले जाम से राहत मिलेगी। लोक निर्माण विभाग के अनुसार, इस सड़क पर औसतन प्रतिदिन 20 हजार वाहन गुजरते हैं। जिसमें 18200 निजी और 1800 व्यवसायिक वाहन शामिल हैं।
उधर, कैंट विधायक अमित अग्रवाल ने बताया कि उन्होंने लगातार इस प्रस्ताव पर शासन से वार्ता की जिस क्रम में इसके लिए धन आवंटन की स्वीकृति मिल गई है। चौड़ीकरण से जाम की समस्या कम होगी और विकास को गति मिलेगी।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

