राजर्षि टण्डन मुक्त विश्वविद्यालय में जनवरी 2026 सत्र के प्रवेश शुरू
प्रयागराज 7 जनवरी (आरएनएस)। उत्तर प्रदेश राजर्षि टण्डन मुक्त विश्वविद्यालय, प्रयागराज ने सत्र जनवरी 2026 की प्रवेश प्रक्रिया बुधवार को प्रारम्भ कर दिया।विश्वविद्यालय की सत्र जनवरी 2026 की प्रवेश प्रक्रिया का शुभारम्भ करते हुए कुलपति प्रोफेसर सत्यकाम ने कहा कि विश्वविद्यालय ने इस बार प्रवेश प्रक्रिया को बहुत सरल एवं सुलभ बनाया है। छात्रों को आवेदन करने में किसी भी प्रकार की कठिनाई का सामना नहीं करना पड़ेगा। यूजीसी की गाइडलाइन के अनुसार छात्रों को अपनी अपार आईडी, एबीसी आईडी एवं यूजीसी डेब आईडी बनाने के पश्चात ही प्रवेश प्रक्रिया सम्पादित की जाएगी।
उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय के दक्ष तकनीकी विशेषज्ञों ने इस प्रक्रिया को अत्यन्त सरलीकृत कर दिया है जिससे छात्रों को फॉर्म भरने में किसी भी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। प्रोफेसर सत्यकाम ने कहा कि विश्वविद्यालय जनवरी 2026 सत्र में सभी प्रवेश राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप करने को कृत संकल्पित है। विश्वविद्यालय ने जनवरी 2026 सत्र में 24 परास्नातक कार्यक्रमों, 06 स्नातक कार्यक्रमों, 04 जागरूकता कार्यक्रमों, 07 डिप्लोमा कार्यक्रमों तथा 23 प्रमाण-पत्र कार्यक्रमों सहित कुल 64 कार्यक्रमों में प्रवेश प्रारम्भ किया है। सभी स्नातक प्रोग्राम में कृत्रिम बुद्धिमत्ता एआई आधारित स्किल कोर्स द्वितीय वर्ष में शुरू किया जा रहा है। कुलपति प्रोफेसर सत्यकाम ने प्रवेश के उद्घाटन सत्र में ऑनलाइन जुड़े हुए सभी 12 क्षेत्रीय केन्द्रों क्रमश: प्रयागराज, लखनऊ, बरेली, आगरा, बलिया, अयोध्या, झाँसी, मेरठ, गाजियाबाद, कानपुर, वाराणसी तथा गोरखपुर क्षेत्रीय केन्द्र के समन्वयकों को निर्देशित किया कि वह केन्द्र पर आने वाले छात्रों की हर सम्भव सहायता करें, जिससे उन्हें प्रवेश लेते समय किसी भी तरह की परेशानियों का सामना न करना पड़े। आंतरिक गुणवत्ता सुनिश्चयन प्रकोष्ठ के निदेशक प्रोफेसर आशुतोष गुप्ता ने कुलपति प्रोफेसर सत्यकाम का स्वागत तथा कुलसचिव कर्नल विनय कुमार ने धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर विभिन्न विद्या शाखाओं के निदेशक एवं प्रभारीगण उपस्थित रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

