कोरबा 16 मई (आरएनएस)। छत्तीसगढ़ के कोरबा में चलती कार में आग लग गई। कार में कोरबा के पूर्व भाजपा सांसद स्वर्गीय बंशीलाल महतो के पुत्र डाक्टर विवेक रंजन महतो और तीन अन्य लोग सवार थे, जिन्होंने खतरे का आभास पाते ही कार को रोक दिया और बाहर निकल आए। थोड़ी ही देर में कार आग का गोला बन गई और जलकर खाक हो गई।
पुलिस के अनुसार दंत चिकित्सक डाक्टर विवेक रंजन महतो कोरबा से रायपुर जा रहे थे। कार में डा. महतो सहित चार लोग सवार थे। दर्री थाना क्षेत्र में जमनीपाली के पास कार के इंजन से एकाएक धुंआ निकलने लगा। समय रहते धुंआ उठता देख ड्राइवर ने सूझबूझ दिखाते हुए कार को तुरंत रोक दिया और सभी चार लोगों ने कार से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। कुछ ही देर में कार धू-धू कर जलने लगी।
घटना की सूचना हसदेव थर्मल पावर प्लांट की फायर बिग्रेड को दी गई। मौके पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार बुरी तरह जल चुकी थी।
घटना के कारण कुछ देर तक सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। दर्री थाना की पुलिस भी मौके पर पहुंची और यातायात को नियंत्रित कर आवागमन सामान्य कराया। शार्ट सर्किट से आग लगने की संभावना जताई गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
०००००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

