लालगंज, मीरजापुर 7 जनवरी (आरएनएस)। बाणसागर परियोजना की मेजा–जरगो मुख्य नहर अब पूरी क्षमता से बह रही है। गेहूं की सिंचाई के महत्वपूर्ण समय में पानी की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए विभाग ने विशेष सतर्कता बरती है। नहर की निगरानी के लिए बाणसागर विभाग की टीमें लगातार पेट्रोलिंग कर रही हैं और किसी भी टूट-फूट या क्षतिग्रस्त हिस्से का तुरंत मरम्मत कराया जा रहा है। बाणसागर परियोजना के चीफ इंजीनियर विजय श्रीवास्तव ने बुधवार को नहर का दौरा किया और संचालन का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि पानी के प्रवाह में किसी भी प्रकार की बाधा बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी शाखा नहरों और उपरौधों की नियमित जाच-पड़ताल के निर्देश दिए गए हैं। यह कार्रवाई जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह के पहले जारी किए गए दिशा-निर्देशों के अनुरूप है।नहर में पर्याप्त पानी आने से क्षेत्र के किसानों में संतोष है। बसको के रामू मिश्रा ने बताया कि लंबे समय से चली आ रही पानी की कमी अब दूर हो गई है। बरडीहा के लालमणि पांडे ने कहा कि बाणसागर के पानी से धान की फसल अच्छी हुई और अब गेहूं की खेती के लिए भी पर्याप्त सुविधा है। किसानों का कहना है कि खेती के साथ-साथ पेयजल संकट में भी राहत मिली है।कुल मिलाकर नहर के संचालन ने किसानों के चेहरे पर हरियाली की नई उम्मीद जगा दी है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

