-पुलिस ने पहचान के लिए मर्चरी में रखवाया
अयोध्या 7 जनवरी (आरएनएस)। जिले के रुदौली कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत रौजागांव ओवरब्रिज के नीचे एक अज्ञात युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को तत्काल अस्पताल भिजवाया गया। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार मृतक की उम्र करीब 35 से 38 वर्ष के बीच आंकी जा रही है। रुदौली पुलिस ने शव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रुदौली भेजा था। हालांकि काफी प्रयासों के बावजूद मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक संजय मौर्य ने बताया कि पहचान न होने के कारण शव को मर्चरी हाउस में सुरक्षित रखवाया गया है, ताकि मृतक की पहचान कराई जा सके। स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस स्थान पर युवक बेहोशी की हालत में मिला था, वहां वह खुद को ठंड से बचाने के लिए बोरी ओढ़े हुए था। ऐसे में ग्रामीणों को आशंका है कि कड़ाके की ठंड के चलते उसकी मौत हो सकती है। वहीं, पुलिस क्षेत्राधिकारी आशीष निगम ने बताया कि यदि 72 घंटे के भीतर शव की पहचान नहीं हो पाती है तो नियमानुसार पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मृतक की पहचान कराने के प्रयासों में जुटी हुई है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

