दंतेवाड़ा, 16 मई (आरएनएस)। रात के अंधेरे में सीसी रोड किनारे चल रही सट्टे की खामोश महफिल पर गीदम पुलिस ने ऐसा शिकंजा कसा कि दांव लगाने वालों के हाथों से नोट और सट्टा पट्टियां सीधे पुलिस के कब्जे में पहुंच गईं। दक्षिण बस्तर दन्तेवाड़ा में अवैध जुआ-सट्टा के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना गीदम पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि गीदम के कडती पारा स्थित एजुकेशन सिटी जाने वाले सीसी रोड के पास कुछ लोग रूपयों का दांव लगाकर सट्टा नामक जुआ संचालित कर रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना गीदम की टीम बिना देर किए मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को दबोच लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम पंकज जैन पिता स्व. मोतीलाल जैन उम्र 42 वर्ष निवासी महावीर नगर वार्ड गीदम तथा डल्लो राम कडियाम पिता सोमरू राम कडियाम उम्र 41 वर्ष निवासी बड़े पनेड़ा पटेलपारा थाना गीदम जिला दन्तेवाड़ा बताया। तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 3290 रुपये नगद और 14 नग सट्टा पट्टी बरामद की गई। पुलिस ने दोनों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 06 के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक गौरव राय के दिशा-निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामकुमार बर्मन के मार्गदर्शन, एसडीओपी बारसूर गोविंद दीवान के पर्यवेक्षण और निरीक्षक अमित बेरिया के नेतृत्व में अंजाम दी गई। कार्रवाई में प्र.आर. 341 राजकुमार सिंह, प्र.आर. 642 हुंगा राम कडती और डीएसएफआर 3078 की भूमिका भी अहम रही। दन्तेवाड़ा पुलिस ने साफ संदेश दिया है कि जिले में अवैध जुआ-सट्टा और असामाजिक गतिविधियों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि ऐसी गतिविधियों की सूचना तुरंत दें, क्योंकि कानून से बचकर खेला गया हर दांव आखिरकार सलाखों तक ही पहुंचता है।
0
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

