नईदिल्ली, 16 मई। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के 59वें मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स के तेज गेंदबाज आकाश सिंह ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट चटकाए। ये खिलाड़ी आईपीएल 2026 में अपना पहला ही मुकाबला खेल रहा था। उनकी घातक गेंदबाजी के कारण चेन्नई सुपरकिंग्स का शीर्षक्रम रन बनाने में पूरी तरह से विफल रहा। ऐसे में आइए इस खिलाड़ी के आंकड़े और करियर पर एक नजर डाल लेते हैं।
आकाश ने 4 ओवर गेंदबाजी की और 26 रन देकर 3 विकेट चटकाए। उनकी इकॉनमी रेट 6.50 की रही। इस खिलाड़ी ने संजू सैमसन (20), रुतुराज गायकवाड़ (13) और खतरनाक उर्विल पटेल (6) को अपना शिकार बनाया। उन्होंने लखनऊ सुपर जायंट्स के शीर्षक्रम के पहले 3 बल्लेबाजों को आउट किया। इससे चेन्नई सुपरकिंग्स को मैच में जोरदार शुरुआत नहीं मिल पाई। राजस्थान के रहने वाले आकाश आईपीएल 2023 में चेन्नई सुपरकिंग्स के लिए भी खेल चुके हैं।
आकाश ने अपना पहला आईपीएल मुकाबला 2021 में खेला था। तब वह राजस्थान रॉयल्स की टीम का हिस्सा थे। उन्हें सिर्फ एक मैच खेलने का मौका मिला था। अब तक इस खिलाड़ी ने कुल 11 मुकाबले खेले हैं और इसकी 11 पारियों में उन्होंने 29.33 की औसत से 12 विकेट अपने नाम किए हैं। उनकी इकॉनमी रेट 9.22 की रही है। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 3/26 का रहा है, जो इसी मुकाबले में आया।
००

