कांकेर, 16 मई (आरएनएस)। 16 चक्का ट्रक बेचने के नाम पर लाखों रुपये ऐंठे गए, पैसे खाते में पहुंचते ही खेल बदल गया और वाहन ट्रांसफर तक नहीं किया गया। कांकेर जिले के भानुप्रतापपुर में ट्रक खरीद-बिक्री के नाम पर बड़ी धोखाधड़ी का मामला सामने आया है, जहां चोलामंडलम ट्रक फाइनेंस कंपनी से जुड़े मैनेजर को पुलिस ने गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान संजय भास्कर तिवारी पिता स्वर्गीय सर्व दमन तिवारी उम्र 44 वर्ष निवासी बुधवारी बाजार नारायणपुर थाना नारायणपुर जिला नारायणपुर के रूप में हुई है। मामला तब खुला जब हरहरपानी निवासी 26 वर्षीय सुनीता यादव ने थाना भानुप्रतापपुर पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई कि उन्होंने राहुल कुमार रोडे के साथ साझेदारी में ट्रक खरीदने का सौदा किया था। आरोपी संजय तिवारी ने नरेंद्र भोयर के नाम पर पंजीकृत 16 चक्का ट्रक क्रमांक ष्टत्र 21 छ्व 2472 को बेचने के लिए 29 लाख 42 हजार 722 रुपये 73 पैसे में डील फाइनल की। सौदे के तहत पहले 2 लाख 50 हजार रुपये नगद लिए गए, फिर राहुल आरदे के खाते से गूगल-पे के जरिए कुल 6 लाख 88 हजार 838 रुपये आरोपी की पत्नी सरिता राजपूत, मनदीप मिश्रा, दिनेश और चोलामंडलम फाइनेंस कंपनी के नाम पर ट्रांसफर करवाए गए। शिकायत के मुताबिक रकम लेने के बाद आरोपी लगातार भरोसा दिलाता रहा कि वाहन जल्द ट्रांसफर कर दिया जाएगा, लेकिन समय बीतता गया और ट्रक का नामांतरण नहीं कराया गया। जब पीडि़त पक्ष को खुद के साथ ठगी का एहसास हुआ तो उन्होंने 12 मई 2026 को थाना भानुप्रतापपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई। मामला दर्ज होते ही पुलिस हरकत में आई। पुलिस अधीक्षक निखिल अशोक राखेचा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आकाश श्रीमाल के मार्गदर्शन और एसडीओपी शेरबहादुर सिंह ठाकुर के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी निरीक्षक रामेश्वर प्रसाद देशमुख के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने तकनीकी जानकारी जुटाई, पूछताछ की और आखिरकार आरोपी संजय तिवारी को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने धोखाधड़ी करना स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। कार्रवाई में उप निरीक्षक रामप्रसाद सिन्हा, प्रधान आरक्षक संदीप कुर्रे, आरक्षक विमल कांगे और फत्तूराम हुसेंडी की अहम भूमिका रही। गौरतलब है कि ऑनलाइन ट्रांसफर और फर्जी भरोसे के जरिए वाहन सौदों में बढ़ती ठगी अब आम लोगों के लिए बड़ा खतरा बनती जा रही है। फिलहाल कांकेर पुलिस ने साफ संदेश दिया है कि धोखाधड़ी कर लोगों की मेहनत की कमाई हड़पने वालों को किसी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
0
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

