राजनांदगांव, 16 मई (आरएनएस)। लोहे के भारी वजन को जिस ताकत से उठाया गया, उसी ताकत से राजनांदगांव की बेटी ने दुनिया के मंच पर भारत का तिरंगा ऊंचा कर दिया। राजनांदगांव जिला पुलिस में पदस्थ सउनि. ज्ञानेश्वरी यादव ने अंतरराष्ट्रीय और एशियाई वेटलिफ्टिंग प्रतियोगिताओं में ऐसा शानदार प्रदर्शन किया कि छत्तीसगढ़ से लेकर पूरे देश में गर्व की लहर दौड़ गई। 27 अप्रैल 2026 को एपिया, समोआ में आयोजित Universal Weightlifting Cup (World Cup) 2026 में 12 देशों के खिलाडिय़ों के बीच उतरी ज्ञानेश्वरी यादव ने अपनी ताकत, तकनीक और आत्मविश्वास से प्रतियोगिता पर दबदबा बना लिया। उन्होंने Snatch में 87 किलोग्राम, Clean & Jerk में 107 किलोग्राम और कुल 194 किलोग्राम वजन उठाकर नया रिकॉर्ड बनाया और तीन गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिए। समोआ की धरती पर भारतीय खिलाड़ी की यह धमाकेदार जीत अब पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का विषय बन चुकी है। इसके बाद भी उनका विजय अभियान नहीं रुका।
12 मई से 18 मई 2026 तक गांधीनगर, गुजरात में आयोजित Senior Asian Championship 2026 में भी ज्ञानेश्वरी यादव ने शानदार प्रदर्शन जारी रखा। उन्होंने Snatch में 88 किलोग्राम वजन उठाकर सिल्वर मेडल हासिल किया जबकि कुल 194 किलोग्राम वजन के साथ ब्रॉन्ज मेडल जीतकर एशियाई मंच पर भी अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज करा दी। राजनांदगांव जिला पुलिस की यह खिलाड़ी अब सिर्फ पुलिस विभाग का नहीं बल्कि देश की नई खेल प्रेरणा बन चुकी हैं। उनकी मेहनत, अनुशासन और लगातार संघर्ष युवा खिलाडिय़ों के लिए मिसाल बन गया है। जिला पुलिस राजनांदगांव और छत्तीसगढ़ पुलिस ने उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर गर्व जताते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं। बहरहाल, यह जीत सिर्फ मेडल की चमक नहीं, बल्कि उस जज्बे की कहानी है जो वर्दी पहनकर भी दुनिया के मंच पर भारत को जीत दिला रहा है।
0

