-मरीजों से उपचार को लेकर लिया फीडबैक
अयोध्या 7 जनवरी (आरएनएस)। जिलाधिकारी के निर्देश पर एसडीएम अभिषेक सिंह ने मंगलवार को सुबह साढ़े आठ बजे जिला अस्पताल में निरीक्षण किया। अस्पताल में प्रशासनिक अधिकारी के पहुंचने की सूचना मिलते ही हड़कंप मच गया। एसडीएम सीएमएस कार्यालय पहुंचे। वहां चिकित्सकों का हाजिरी रजिस्टर चेक किया और उसकी तस्वीर भी खींची। एसडीएम ने बारीकी से अस्पताल का निरीक्षण किया। बताया जाता है कि निरीक्षण के दौरान कई चिकित्सक नदारद मिले। हालांकि सभी चिकित्सकों के लिए बताया गया कि वे राउंड के लिए निकले हैं। एसडीएम अभिषेक सिंह ने सीएमएस डॉ. राजेश सिंह के साथ चिकित्सालय के वार्डों व ओपीडी का भ्रमण किया। बच्चा वार्ड में प्रारंभिक निरीक्षण के दौरान कोई चिकित्सक उपस्थित नहीं मिला। इसके बाद इमरजेंसी ओपीडी का निरीक्षण किया। एसडीएम ने मरीजों से उपचार को लेकर फीडबैक भी लिया। वार्डों में जाकर चिकित्सकों की उपस्थिति का सत्यापन किया। वह जनरल ओटी, ऑर्थो ओटी, ब्लड बैंक व अन्य जगहों पर भी गए। सीएमएस के माध्यम से सभी को निर्देशित किया गया कि मरीजों की देखभाल में कोई लापरवाही न बरती जाए। विलंब से आने वाले दो चिकित्सकों को सख्त चेतावनी दी गई। एसडीएम के निरीक्षण के दौरान चर्म रोग ओपीडी के तीनों चिकित्सक डॉ. मो. अकरम, डॉ. अरबी वर्मा, डॉ. पल्लवी श्रीवास्तव, जनरल ओपीडी से डॉ.डीके चौधरी, डॉ.विनोद शुक्ला, डॉ. अनिल वर्मा, डॉ. शिशिर श्रीवास्तव व डॉ.आमिर अतीक नदारद थे। बताया जाता है कि हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ.गुलाब पटेल को जब एसडीएम के निरीक्षण की जानकारी मिली तो वह भी दौड़ते दौड़ते हॉस्पिटल पहुंचे। प्रभारी सीएमएस डॉ. राजेश सिंह भी मौके पर नहीं थी। हालांकि उनका कहना है कि वह राउंड कर रहे थे। उन्होंने यह भी बताया कि मौके पर कई चिकित्सक राउंड कर रहे थे। अब इस बात में कितनी सच्चाई है यह तो सभी का जमीर ही जानता होगा। एसडीएम को इमरजेंसी ओपीडी ठीक मिली। डॉक्टर और फार्मासिस्ट मौके पर मिले।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

