लखनऊ 07 Jan, (आरएनएस )। सोनभद्र जनपद के चोपन ब्लाक अंतर्गत कृष्णा माइनिंग वर्क्स में 15 नवंबर 2025 को हुए भीषण खनन हादसे में मृत श्रमिकों के परिजनों ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से भेंट कर अपनी पीड़ा और समस्याएं रखीं। पीड़ित परिवारों ने बताया कि हादसे के बाद सरकार से उन्हें अपेक्षित सहायता नहीं मिली और अब अधिकारी उन पर तरह-तरह का दबाव बना रहे हैं।पीड़ितों ने बताया कि यह हादसा उस समय हुआ था, जब मुख्यमंत्री घटना स्थल से मात्र आठ किलोमीटर दूर चोपन में आदिवासी गौरव दिवस के कार्यक्रम में मौजूद थे। इसके बावजूद सरकार की ओर से संवेदनशीलता और तत्परता नहीं दिखाई गई। परिजनों का आरोप है कि उत्तर प्रदेश सरकार के श्रम विभाग से उन्हें केवल 1 लाख 25 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी गई, जो इस बड़े हादसे और परिवारों की स्थिति को देखते हुए बेहद अपर्याप्त है।अखिलेश यादव ने खनन हादसे में मृत श्रमिकों के आश्रितों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि इस हादसे में जिन परिवारों ने अपने कमाऊ सदस्य खोए हैं, उनके साथ न्याय होना चाहिए। अखिलेश यादव ने प्रति मृतक परिवार को 50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता के साथ-साथ सभी आवश्यक सरकारी सुविधाएं उपलब्ध कराए जाने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि खनन माफिया और लापरवाह व्यवस्था की वजह से मजदूरों की जान जा रही है, लेकिन सरकार जिम्मेदारी लेने के बजाय आंख मूंदे बैठी है।गौरतलब है कि चोपन ब्लाक के ग्राम विल्ली मारकुंडी स्थित कृष्णा माइनिंग वर्क्स में हुए इस खनन हादसे में कुल सात श्रमिकों की मौत हो गई थी। मृतकों में इंद्रजीत यादव, संतोष यादव, कृपा शंकर खरवार, राम खेलावन खरवार, राजू गोड़, रविंदर गोंड और गुलाब खरवार शामिल हैं। हादसे में जान गंवाने वाले पहले पांच श्रमिकों के परिजनों में पार्वती यादव, गायत्री यादव, सरस्वती खरवार, बचिया देवी, मीना देवी, शोभनाथ यादव, इंद्रावती देवी, सूरज नारायण, भगवान गोंड, प्रेम खरवार और गंगा गोंड अखिलेश यादव से भेंट करने पहुंचे। रविंदर गोंड और गुलाब खरवार के परिजन किसी कारणवश नहीं आ सके।इस दौरान मृतक श्रमिकों के परिजनों के साथ समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव अविनाश कुशवाहा, ग्राम प्रधान लक्ष्मण यादव, ओबरा के पूर्व चेयरमैन रमेश सिंह यादव, अखिलेश यादव जिज्ञासु, ओबरा के पूर्व प्रत्याशी सुनील गोंड और सूबेदार गोंड सहित अन्य लोग भी मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी
चोपन खनन हादसे के पीड़ित परिवारों से मिले अखिलेश यादव, निष्पक्ष जांच और 50 लाख मुआवजे की मांग
—————-

