मेरठ 07 Jan, (Rns) । मेरठ के ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र के बहुचर्चित सौरभ हत्याकांड पर आधारित एक वेब सीरीज बनाई गई है, जो 9 जनवरी 2026 को रिलीज होने जा रही है। वेब सीरीज का नाम ‘हनीमून से हत्या: Why Women Kill’ रखा गया है। वेब सीरीज का पोस्टर सामने आते ही सोशल मीडिया पर हलचल मच गई। पोस्टर में दिखाया गया नीला ड्रम एक बार फिर चर्चा में है, जिसने इस हत्याकांड को देशभर में सुर्खियों में ला दिया था।
पोस्टर ने दिलाई खौफनाक यादें
पोस्टर में नीले ड्रम से बाहर लटकता एक हाथ और उसके साथ नजर आता सीमेंट का मलबा, जो उस खौफनाक घटना की याद दिलाता है। इस दृश्य ने लोगों को फिर से उस दर्दनाक वारदात की ओर खींच लिया है।
कैसे हुआ था सौरभ का मर्डर
यह घटना 3 मार्च 2025 की रात की है, जब लंदन में नौकरी करने वाले सौरभ राजपूत की हत्या उसकी पत्नी मुस्कान रस्तोगी ने अपने प्रेमी साहिल शुक्ला के साथ मिलकर कर दी। हत्या के बाद शव के टुकड़े कर उन्हें नीले ड्रम में भरकर ऊपर से सीमेंट डालकर सील कर दिया गया। दोनों आरोपी फिलहाल जेल में बंद हैं।
वेब सीरीज को लेकर नाराजगी
वेब सीरीज को लेकर मेरठ के लोगों में नाराजगी भी देखने को मिल रही है। कई लोगों का कहना है कि इतनी संवेदनशील और दर्दनाक घटना को मनोरंजन के रूप में पेश करना उचित नहीं है। पोस्टर सामने आने के बाद यह मुद्दा सोशल मीडिया पर भी बहस का विषय बन गया है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

