रंगारेड्डी 08 Jan, (Rns): तेलंगाना के रंगारेड्डी जिले में एक भीषण सड़क हादसा हो गया। मिर्जागुडा इलाके में तेज रफ्तार SUV कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसा इतना भयानक था कि कार में सवार चार छात्रों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई। यह दुर्घटना रंगारेड्डी जिले के मोकिला पुलिस स्टेशन क्षेत्र में हुई। हादसे के बाद सामने आए वीडियो में दुर्घटना की भयावहता साफ नजर आ रही है। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि SUV का अगला हिस्सा पूरी तरह पिचक गया और वाहन का ढांचा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। माना जा रहा है कि इसी वजह से कार में सवार चार छात्रों की जान नहीं बच सकी।
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान सूर्यतेजा, सुमित, निखिल और रोहित के रूप में हुई है। सुमित (20) IBS कॉलेज में बीबीए फाइनल ईयर का छात्र था। निखिल (20) भी कॉलेज का छात्र था। रोहित (18) इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहा था। सूर्यतेजा IBS कॉलेज का सेकेंड ईयर का छात्र था और मनचेरियल का निवासी था। इस दुर्घटना में सुनकारी नक्षत्र गंभीर रूप से घायल हो गई हैं। वह भी IBS कॉलेज की सेकेंड ईयर की छात्रा हैं। उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
पोस्टमॉर्टम के बाद सौंपे जाएंगे शव
पुलिस ने हादसे की सूचना मृतकों के परिजनों को दे दी है। अपने बच्चों की मौत की खबर सुनते ही परिवारों में मातम पसर गया। पुलिस के अनुसार चारों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है, जिसके बाद उन्हें परिजनों को सौंपा जाएगा। मामले की जांच जारी है।

