बिलासपुर 8 जनवरी 2026(आरएनएस) अहिरवार समाज के पदाधिकारियों ने समाज की महिला जिलाध्यक्ष पद पर रह चुकी दुर्गा अहिरवार के खिलाफ समाज के लोगों को धर्मांतरण के लिए प्रेरित करने तथा सामाजिक रीति-रिवाजों के विरुद्ध बयानबाजी करने का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक को शिकायत सौंपी है। समाज की ओर से मामले की जांच कर उचित दंडात्मक कार्रवाई की मांग की गई है। शिकायत में बताया गया है कि अहिरवार समाज द्वारा प्रदेश स्तर पर संगठनात्मक नियुक्तियों के बाद 11 अगस्त 2024 को बिलासपुर जिले में पुरुष एवं महिला पदाधिकारियों की नियुक्ति की गई थी। इसी क्रम में दुर्गा अहिरवार को महिला जिलाध्यक्ष बनाया गया था। आरोप है कि पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने समाज की बैठकों में महिलाओं एवं पुरुषों को धर्मातरण के लिए प्रेरित किया और आपत्तिजनक बयान दिए, जिससे समाज में विवाद की स्थिति बनी। समाज के पदाधिकारियों का कहना है कि बैठकों में आपत्ति जताने पर कथित रूप से गाली-गलौच और वाद-विवाद की स्थिति उत्पन्न होती थी। इन कारणों से 23 नवंबर 2025 को आयोजित सामाजिक बैठक में दुर्गा अहिरवार को महिला जिलाध्यक्ष पद से हटा दिया गया, जिसकी सूचना संबंधित जिलाध्यक्षों एवं प्रांतीय पदाधिकारियों को भी दी गई। शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि पद से हटाए जाने के बाद दुर्गा अहिरवार द्वारा कथित रूप से धमकी दी गई। इसके पश्चात कुछ व्यक्तियों को बहकाकर समाज के पदाधिकारियों के खिलाफ कथित रूप से झूठी शिकायतें कराई गई। इस संबंध में पुलिस द्वारा समाज के पदाधिकारियों के बयान भी लिए गए हैं। अहिरवार समाज ने स्पष्ट किया है कि किसी भी व्यक्ति को समाज से बहिष्कृत करने या समाज में शामिल करने के नाम पर कभी धन की मांग नहीं की गई। समाज का कहना है कि प्रस्तुत शिकायतें भ्रामक हैं और समाज की छवि धूमिल करने के उद्देश्य से की गई हैं। समाज की ओर से पुलिस अधीक्षक को शिकायत की गई है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

