पुणे ,08 जनवरी (आरएनएस)। महाराष्ट्र की राजनीति में अपने कड़क फैसलों के लिए जाने जाने वाले उपमुख्यमंत्री अजित पवार का आज एक अलग ही मानवीय चेहरा देखने को मिला। पुणे में चुनाव प्रचार के लिए जाते समय उन्होंने सड़क पर एक दुर्घटना देखी और तुरंत अपना काफिला रोक दिया। इतना ही नहीं, उन्होंने वीआईपी प्रोटोकॉल की परवाह किए बिना घायल युवक को तत्काल अपनी सुरक्षा में तैनात एंबुलेंस से अस्पताल भिजवाया।
जानकारी के मुताबिक, यह वाकया गुरुवार सुबह का है। अजित पवार अपने पुणे स्थित आवास ‘जिजाईÓ से पिंपरी-चिंचवड में एक प्रचार सभा को संबोधित करने जा रहे थे। जब उनका काफिला रेंज हिल इलाके से गुजर रहा था, तभी उनकी नजर सड़क पर दुर्घटनाग्रस्त पड़े एक बाइक सवार पर पड़ी। घायल युवक को सड़क पर पड़ा देख पवार ने तुरंत ड्राइवर को गाडिय़ां रोकने का निर्देश दिया। आमतौर पर वीआईपी मूवमेंट के दौरान सुरक्षा कारणों से काफिला रुकता नहीं है, लेकिन अजित पवार ने प्रोटोकॉल को दरकिनार कर इंसानियत को प्राथमिकता दी।
अजित पवार खुद अपनी गाड़ी से नीचे उतरे और घायल युवक के पास पहुंचे। उन्होंने युवक का हालचाल जाना और स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एक पल की भी देरी नहीं की। उन्होंने अपने काफिले के साथ चल रही एम्बुलेंस के स्टाफ को तुरंत घायल युवक को नजदीकी अस्पताल ले जाने और इलाज शुरू करवाने का आदेश दिया। जब तक एंबुलेंस घायल को लेकर रवाना नहीं हो गई, अजित पवार मौके पर ही खड़े रहे।
इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया और राजनीतिक गलियारों में अजित पवार की जमकर तारीफ हो रही है। लोग कह रहे हैं कि चुनावी भागदौड़ और व्यस्त कार्यक्रम के बावजूद एक आम नागरिक की जान बचाने को प्राथमिकता देकर उन्होंने एक जिम्मेदार जनप्रतिनिधि होने का सबूत दिया है। उनकी इस तत्परता ने वहां मौजूद लोगों का दिल जीत लिया।
00
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

