कुशीनगर, 08 जनवरी (आरएनएस)। अपर जिलाधिकारी वैभव मिश्रा ने दुर्गा फाउंडेशन द्वारा संचालित पडऱौना, बेलवा का निरीक्षण किया तथा वहाँ संचालित शैक्षणिक, कौशल विकास एवं सामाजिक सशक्तिकरण से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी हासिल किया। उन्होंने निरीक्षण के दौरान केंद्रों की कार्यप्रणाली, उपलब्ध संसाधनों तथा लाभार्थियों को प्रदान की जा रही सुविधाओं का अवलोकन किया।
अपर जिलाधिकारी श्री मिश्रा ने बेलवा सेंटर सहित दुर्गा फाउंडेशन द्वारा संचालित प्रमुख कार्यक्रम निशुल्क कंप्यूटर शिक्षा, डिजिटल साक्षरता, करियर काउंसलिंग, रोजगारपरक कौशल प्रशिक्षण तथा वंचित वर्ग के बच्चों एवं युवाओं के लिए शैक्षणिक सहयोग के उद्देश्यों, क्रियान्वयन प्रक्रिया एवं उनके सामाजिक प्रभाव के विषय में जानकारी प्राप्त किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित टीम के साथ विस्तृत चर्चा भी की। इस दौरान दुर्गा फाउंडेशन द्वारा प्रस्तावित डिस्ट्रिक्ट एआई हब पडरौना की अवधारणा एवं कार्ययोजना से भी अपर जिलाधिकारी को अवगत कराया गया। यह पहल जिले के युवाओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डिजिटल टेक्नोलॉजी, डेटा स्किल्स एवं भविष्य उन्मुख तकनीकी शिक्षा से जोडऩे की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। सीमित संसाधनों के बावजूद इस महत्वाकांक्षी योजना की रूपरेखा तैयार किया जाना फाउंडेशन की दूरदृष्टि, नवाचार क्षमता एवं सामाजिक प्रतिबद्धता को दर्शाता है। इस एआई हब के माध्यम से ग्रामीण एवं शहरी पृष्ठभूमि के युवाओं को आधुनिक तकनीकी कौशल प्रदान कर उन्हें रोजगार, स्टार्टअप एवं नवाचार के लिए तैयार करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी श्री मिश्रा ने कहा कि दुर्गा फाउंडेशन सीमित संसाधनों में भी प्रभावशाली, परिणामोन्मुखी एवं सतत प्रयासों के माध्यम से क्षेत्र में शिक्षा के प्रसार एवं युवाओं के समग्र विकास हेतु निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि फाउंडेशन द्वारा किए जा रहे प्रयास समाज में सकारात्मक, समावेशी एवं दीर्घकालिक परिवर्तन लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा हैं। विशेष रूप से ग्रामीण, आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद वर्ग के बच्चों और युवाओं को सशक्त बनाने की दिशा में फाउंडेशन की पहल अत्यंत सराहनीय है। उन्होंने निरीक्षण के उपरांत दुर्गा फाउंडेशन की टीम द्वारा सीमित संसाधनों में भी किए जा रहे अनुकरणीय प्रयासों की सराहना करते हुए भविष्य में भी इसी निष्ठा, पारदर्शिता एवं प्रति बद्धता के साथ कार्य करते रहने के लिए टीम के सदस्यों की सराहना की।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

