लखनऊ 8 जनवरी (आरएनएस ) बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय (बीबीएयू), लखनऊ द्वारा विश्वविद्यालय की स्थापना की स्मृति में 10 से 12 जनवरी 2026 तक तीन दिवसीय विश्वविद्यालय दिवस समारोह का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन शैक्षणिक उत्कृष्टता, सामाजिक न्याय और राष्ट्र निर्माण के प्रति विश्वविद्यालय की प्रतिबद्धता को सशक्त रूप से अभिव्यक्त करेगा। विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार यह समारोह बौद्धिक विमर्श, रचनात्मक अभिव्यक्ति और सामुदायिक सहभागिता के लिए एक प्रभावी मंच प्रदान करेगा, साथ ही शिक्षण, शोध, नवाचार और विस्तार गतिविधियों में विश्वविद्यालय की उपलब्धियों को रेखांकित करेगा।विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल ने विश्वविद्यालय दिवस समारोह को विश्वविद्यालय की शैक्षणिक यात्रा और उपलब्धियों का उत्सव बताते हुए कहा कि यह दिवस शिक्षण, शोध, नवाचार और खेलकूद के क्षेत्र में अर्जित सफलताओं की सार्थकता को ध्यान में रखकर मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय की ये उपलब्धियां शिक्षकों, अधिकारियों, कर्मचारियों, शोधार्थियों और विद्यार्थियों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम हैं। कुलपति ने सभी को इन उपलब्धियों के लिए हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विश्वविद्यालय अपनी शैक्षणिक उत्कृष्टता, शोध उत्पादकता और सामाजिक प्रभाव को निरंतर सुदृढ़ करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने यह भी दोहराया कि बीबीएयू बाबासाहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के मूल्यों और विरासत से प्रेरणा लेकर समावेशी और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के अपने विजन की दिशा में निरंतर अग्रसर है।तीन दिवसीय विश्वविद्यालय दिवस समारोह का औपचारिक उद्घाटन 10 जनवरी को किया जाएगा। पूरे आयोजन के दौरान शैक्षणिक, सांस्कृतिक और बौद्धिक गतिविधियों की एक समृद्ध श्रृंखला आयोजित की जाएगी। इसमें प्रतिष्ठित व्याख्यान, पैनल चर्चाएं, छात्र-केंद्रित गतिविधियां, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, प्रदर्शनी और संवादात्मक कार्यक्रम शामिल होंगे। समारोह में विश्वविद्यालय के संकाय सदस्य, छात्र, अधिकारी, कर्मचारी, पूर्व छात्र तथा शिक्षा जगत और सार्वजनिक जीवन से जुड़े विशिष्ट अतिथि सहभागिता करेंगे। विशेष सत्रों में भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों और मूल्यों पर केंद्रित चर्चाएं होंगी, जिनका उद्देश्य विश्वविद्यालय समुदाय को समानता, समावेशन और उत्कृष्टता के आदर्शों को आत्मसात करने की प्रेरणा देना है।समारोह का समापन 12 जनवरी 2026 को आयोजित समापन सत्र के साथ होगा, जिसमें छात्रों, संकाय सदस्यों और विश्वविद्यालय की विभिन्न इकाइयों द्वारा किए गए उत्कृष्ट योगदान को सम्मानित किया जाएगा। विश्वविद्यालय प्रशासन का मानना है कि यह समारोह न केवल उपलब्धियों का उत्सव होगा, बल्कि भविष्य की शैक्षणिक दिशा और सामाजिक दायित्वों के प्रति प्रतिबद्धता को भी मजबूती प्रदान करेगा।उल्लेखनीय है कि बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय, लखनऊ ने ऑल इंडिया एनआईआरएफ रैंकिंग 2025 में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। विश्वविद्यालय ने समग्र श्रेणी में 69वां स्थान, विश्वविद्यालय श्रेणी में 37वां स्थान, विधि में 12वां स्थान, कृषि एवं संबद्ध क्षेत्रों में 21वां स्थान, फार्मेसी में 23वां स्थान और प्रबंधन श्रेणी में 79वां स्थान प्राप्त किया है। इसके साथ ही विश्वविद्यालय को 3.72 स्कोर के साथ नैक की प्रतिष्ठित ‘ए++Ó ग्रेड मान्यता भी प्राप्त है, जो इसके सुदृढ़ शैक्षणिक परिवेश, गुणवत्ता संवर्धन और निरंतर प्रगति को स्पष्ट रूप से दर्शाती है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

