गोरखपुर,लखनऊ 8 जनवरी (आरएनएस )। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार सुबह गोरखपुर प्रवास के दौरान गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में विभिन्न जिलों से आए लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि हर व्यक्ति की समस्या का समाधान सरकार का संकल्प है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पूरी तत्परता और संवेदनशीलता के साथ यह सुनिश्चित किया जाए कि बिना किसी भेदभाव के सभी को न्याय मिले, हर पात्र व्यक्ति को जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिले, जरूरतमंदों के इलाज में कोई बाधा न आए और भूमि पर अवैध कब्जा करने वाले भू-माफिया व दबंगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।गोरखनाथ मंदिर के महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन सभागार में आयोजित जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने करीब 150 लोगों की समस्याएं सुनीं। वह स्वयं कुर्सियों पर बैठे लोगों तक पहुंचे और उनकी शिकायतों को गंभीरता से सुना। मुख्यमंत्री ने सभी प्रार्थना पत्रों को संबंधित अधिकारियों को संदर्भित करते हुए त्वरित, पारदर्शी और संतोषजनक निस्तारण के निर्देश दिए। साथ ही लोगों को यह भरोसा दिलाया कि सरकार हर पीडि़त की समस्या के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।जनता दर्शन में गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग लेकर पहुंचे लोगों से मुख्यमंत्री ने कहा कि धन के अभाव में किसी का इलाज नहीं रुकेगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जो भी जरूरतमंद हैं, उनके उच्च स्तरीय इलाज का इस्टीमेट शीघ्र तैयार कर उपलब्ध कराया जाए। इस्टीमेट मिलते ही सरकार द्वारा तत्काल धन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। राजस्व और कानून व्यवस्था से जुड़े मामलों में भी मुख्यमंत्री ने प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए।गोरखनाथ मंदिर प्रवास के दौरान गुरुवार सुबह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की दिनचर्या परंपरागत रही। उन्होंने गुरु गोरखनाथ का दर्शन-पूजन किया और अपने गुरुदेव ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ की प्रतिमा के समक्ष शीश झुकाया। इसके बाद मंदिर परिसर का भ्रमण किया और गोशाला पहुंचकर गोसेवा की। मुख्यमंत्री ने गायों और गोवंश को स्नेहपूर्वक गुड़ खिलाया। मंदिर परिसर में परिजनों के साथ आए बच्चों से भी उन्होंने मुलाकात की, उन्हें स्नेह, आशीर्वाद और चॉकलेट देकर प्रसन्न किया।जनता दर्शन और मंदिर प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का यह संदेश स्पष्ट रहा कि शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता आमजन की समस्याओं का समाधान, जरूरतमंदों की सहायता और न्यायपूर्ण व्यवस्था सुनिश्चित करना है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

