लखनऊ 8 जनवरी (आरएनएस )। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने पीडीए समाज के हर मतदाता और हर एक ‘पीडीए प्रहरीÓ से एक बार फिर सतर्क और संगठित रहने की अपील की है। उन्होंने कहा है कि पीडीए समाज के वोटों को काटने की साजिशें लगातार की जा रही हैं और ‘पीडीए प्रहरीÓ के प्रयासों के बावजूद आज भी पीडीए समाज के करोड़ों वोट कट चुके हैं। अब समय आ गया है कि हर बूथ पर गहन जांच-पड़ताल हो और इस संकल्प के साथ फिर से जुटा जाए कि एक भी वोट न कटने पाए और एक भी वोट न घटने पाए।अखिलेश यादव ने कहा कि हर मतदाता को यह याद दिलाना जरूरी है कि वोटर लिस्ट में नाम दर्ज होना कितना महत्वपूर्ण है। मतदाता सूची में नाम होना ही नागरिक होने की सबसे बड़ी पहचान है और वोटर आईडी को नागरिक आईडी के रूप में देखा जाना चाहिए। उन्होंने आशंका जताई कि यदि वोटर लिस्ट से नाम काट दिए गए तो भविष्य में भाजपा सरकार इसे आधार बनाकर ऐसे काले कानून ला सकती है, जिनसे लोगों को कागजों में ही गायब मान लिया जाए। इसके बाद राशन कार्ड, सरकारी योजनाएं, जाति प्रमाणपत्र, आरक्षण, नौकरी, बैंक खाते, बीमा, ड्राइविंग लाइसेंस, ट्रैक्टर-गाड़ी के कागजात, पैन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, शिक्षा, बिजली-पानी कनेक्शन, खेत-खलिहान, जमीन और घर-मकान तक से लोगों को वंचित किया जा सकता है और उन्हें अपने ही देश में बाहरी साबित कर दिया जाए।उन्होंने कहा कि जमीन की भूखी भाजपा सरकार किसी भी हद तक जा सकती है और ऐसा कानून बना सकती है, जिससे लोगों के हक-अधिकार, धन-दौलत, जमा-पूंजी और जमीन-जायदाद तक छीन ली जाए। अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि जो लोग निर्विरोध चुनाव कराने का खेल खेल सकते हैं, वे चुनाव में वोट कटवाने के लिए भी कुछ भी कर सकते हैं, क्योंकि सत्ता में आकर भ्रष्टाचार करना और जल, जंगल व जमीन पर कब्जा करना ही उनकी असली मंशा है।समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष ने पीडीए समाज से अपील की कि इस चेतावनी को गंभीरता से लिया जाए, अधिक से अधिक वोट बनवाए जाएं और चुनावों में भाजपा के खिलाफ मतदान कर ‘अपनी पीडीए सरकारÓ बनाई जाए। उन्होंने कहा कि हर मतदाता चौकन्ना रहे, सजग होकर अपना वोट बनवाए और अपनी नागरिक पहचान के साथ-साथ अपने खेत, जमीन, घर और विरासत की रक्षा करे।अखिलेश यादव ने कहा कि पीडीए समाज को यह समझना होगा कि जब वोट डालकर सरकार बनाने का अधिकार होते हुए भी इतना उत्पीडऩ झेलना पड़ रहा है, तो अगर यह निर्णायक अधिकार ही छीन लिया गया तो हालात और भी भयावह हो जाएंगे। वर्चस्ववादी ताकतें अपनी मनमर्जी की सरकार बनाकर संविधान को खत्म करने की साजिश कर सकती हैं, जो आज ढाल बनकर गरीब, शोषित और वंचित वर्गों की रक्षा कर रहा है। उन्होंने जोर देकर कहा कि अपना वोट बचाना दरअसल अपने संविधान, आरक्षण, नौकरी और भविष्य को बचाना है। अंत में हमेशा गरीब और वंचित ही सबसे ज्यादा नुकसान उठाते हैं, इसलिए पीडीए समाज के हर सदस्य को अपना वोट बनाकर अपने आने वाले कल को सुरक्षित करना चाहिए।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

