लखनऊ 8 जनवरी (आरएनएस )। महिला सुरक्षा, जागरूकता और सशक्तिकरण के लिए चलाए जा रहे मिशन शक्ति 5.0 अभियान के तहत लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट लगातार जनसंपर्क और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर रहा है। इसी क्रम में 8 जनवरी 2026 को थाना हसनगंज की पुलिस टीम द्वारा झूलेलाल पार्क में महिलाओं, छात्राओं और बच्चों के लिए विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान मिशन शक्ति केंद्र, महिला हेल्प डेस्क, आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर, यूपी कॉप ऐप और साइबर फ्रॉड से बचाव के उपायों की विस्तार से जानकारी दी गई।मिशन शक्ति 5.0 के अंतर्गत पुलिस आयुक्त अमरेन्द्र कुमार सेंगर के निर्देशन में लखनऊ कमिश्नरेट के सभी 54 थानों पर मिशन शक्ति केंद्र स्थापित किए जा चुके हैं। इन केंद्रों पर निरीक्षक, अतिरिक्त निरीक्षक, उपनिरीक्षक और महिला उपनिरीक्षक की तैनाती की गई है, ताकि थानों पर आने वाली महिलाओं की समस्याओं का त्वरित, संवेदनशील और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जा सके। पुलिस को निर्देश दिए गए हैं कि महिला शिकायतों का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाए।थाना हसनगंज की टीम ने झूलेलाल पार्क में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान करीब 20 से 25 महिलाओं, छात्राओं और बच्चों को उनके कानूनी अधिकारों की जानकारी दी। पुलिसकर्मियों ने महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराधों, घरेलू हिंसा, उत्पीडऩ और साइबर अपराधों के विभिन्न स्वरूपों के बारे में विस्तार से बताया और उनसे बचाव के उपाय समझाए। कार्यक्रम में मौजूद लोगों को यह भी बताया गया कि किसी भी समस्या की स्थिति में डरने की जरूरत नहीं है और पुलिस उनकी सहायता के लिए हर समय तत्पर है।जागरूकता कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को सभी महत्वपूर्ण आपातकालीन हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई। महिला उत्पीडऩ से जुड़ी शिकायतों के लिए 1090 महिला पावर लाइन, किसी भी आपात स्थिति में पुलिस, एम्बुलेंस और फायर सेवा के लिए 112, तत्काल चिकित्सा सहायता के लिए 108, बच्चों से संबंधित समस्याओं के लिए 1098 चाइल्डलाइन और सामान्य सहायता के लिए 1076 टोल फ्री नंबर के उपयोग के बारे में विस्तार से समझाया गया। पुलिस ने बताया कि इन नंबरों के माध्यम से त्वरित सहायता प्राप्त की जा सकती है और शिकायतकर्ता की पहचान गोपनीय रखी जाती है।डिजिटल युग में बढ़ते साइबर अपराधों को देखते हुए साइबर सुरक्षा पर भी विशेष जोर दिया गया। कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं और बच्चों को साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल के बारे में जानकारी दी गई, जहां ऑनलाइन धोखाधड़ी, हैकिंग, सोशल मीडिया उत्पीडऩ और अन्य साइबर अपराधों की शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। इसके साथ ही यूपी पुलिस के यूपी कॉप ऐप की विशेषताओं के बारे में बताया गया, जिसमें आपात सहायता, ऑनलाइन शिकायत, रियल टाइम लोकेशन शेयरिंग जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं।इस जागरूकता अभियान में महिला कांस्टेबल नीलम, पूजा, तारावती, निधि जावला और नमिता सोलंकी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस टीम ने सरल भाषा में लोगों से संवाद कर उन्हें यह विश्वास दिलाया कि महिला और बाल सुरक्षा को लेकर पुलिस पूरी तरह संवेदनशील और प्रतिबद्ध है।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मिशन शक्ति का उद्देश्य केवल अपराध होने के बाद कार्रवाई करना नहीं, बल्कि पहले से ही समाज को सजग बनाकर अपराधों की रोकथाम करना है। महिलाओं और बच्चों को उनके अधिकारों, सुरक्षा संसाधनों और कानूनी प्रक्रियाओं की जानकारी देकर उन्हें आत्मनिर्भर और आत्मविश्वासी बनाना इस अभियान का मुख्य लक्ष्य है। मिशन शक्ति के माध्यम से पुलिस और समाज के बीच विश्वास और सहयोग को मजबूत किया जा रहा है, ताकि महिलाएं और बच्चे भयमुक्त वातावरण में सम्मान के साथ जीवन जी सकें।मिशन शक्ति 5.0 के तहत चलाया गया यह अभियान महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा की दिशा में एक प्रभावी और सकारात्मक पहल के रूप में सामने आया है, जो समाज में जागरूकता, विश्वास और सुरक्षा की भावना को और सुदृढ़ कर रहा है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

