-15 दिवस के अन्दर शमन होने लायक व शमन नहीं होने लायक पत्रावलियों की रिपोर्ट प्रस्तुत करने के दिये निर्देश
अयोध्या 8 जनवरी (आरएनएस)। अयोध्या विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष अनुराज जैन द्वारा अपने कार्यालय कक्ष में प्राधिकरण के सम्पत्ति अनुभाग एवं प्रवर्तन अनुभाग की समीक्षा बैठक की गयी। समीक्षा बैठक में सचिव, अयोध्या विकास प्राधिकरण, विशेष कार्याधिकारी, अधिशासी अभियन्ता तथा समस्त प्रवर्तन व सम्पत्ति का कार्य देख रहे अवर अभियन्तागण और सम्पत्ति विभाग के सम्बन्धित लिपिक मौजूद रहे। समीक्षा बैठक में उपाध्यक्ष द्वारा प्रवर्तन के सभी अभियन्तागणों को निर्देशित किया गया कि अपने-अपने सेक्टर/जोन का नियमित भ्रमण करें तथा यह सुनिश्चित करें कि उनके क्षेत्र में एक भी अवैध प्लाटिंग/निर्माण न होने पाये। सभी प्रवर्तन अभियन्तागणों को 15 दिवस के अन्दर शमन होने लायक पत्रावलियों तथा अथवा शमन नहीं होने लायक पत्रावलियों की रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिये गये। यदि किसी भी अभियन्ता (प्रवर्तन) के क्षेत्र में अवैध प्लाटिंग/निर्माण होता पाया गया तो उसके विरूद्ध कठोर कार्यवाही की जायेगी। यदि कोई अवैध निर्माणकर्ता निर्माण कार्य नहीं रोकता है तो नोटिस उपरान्त: सीलिंग की कार्यवाही सुनिश्चित की जाय। इसी प्रकार सम्पत्ति विभाग से सम्बन्धित उपस्थित अधिकारी/लिपिकों को निर्देशित किया गया कि प्राधिकरण द्वारा विकसित की गयी सभी आवासीय/ व्यवसायिक योजनाओं में कितने भवन आवंटित है? कितने रिक्त हैं? कितने भवनों/भूखण्डों की रजिस्ट्री हो गयी? तथा कितने आवंटियों की किश्तें बाकी हैं की 15 दिवस में रिपोर्ट प्रस्तुत करने हेतु निर्देशित किया गया तथा 15 दिवस बाद पुन: प्रवर्तन एवं सम्पत्ति अनुभाग की समीक्षा किये जाने के निर्देश दिये गये।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

