आजमगढ़ 08 जनवरी(आर एन एस)मेहनगर थाना क्षेत्र के ग्राम जाफरपुर में मतदाता सूची सत्यापन (स्ढ्ढक्र) के दौरान अनियमितताओं को लेकर विवाद के बाद भाजपा मंडल अध्यक्ष जयश्री चौहान पर हुए जानलेवा हमले के मामले में ग्राम प्रधान के विरुद्ध अब तक कोई गिरफ्तारी न होने से क्षेत्र में सवाल उठने लगे हैं।प्राप्त जानकारी के अनुसार, मतदाता सूची सत्यापन कार्य के दौरान अनियमितता पाए जाने पर भाजपा मंडल अध्यक्ष जयश्री चौहान व महामंत्री राजेन्द्र चौहान ने आपत्ति दर्ज कराई थी।आरोप है कि इसी बात को लेकर ग्राम प्रधान बलिराम चौहान ने अपने साथियों के साथ मिलकर जयश्री चौहान पर लाठी-डंडा, ईंट-पत्थर व धारदार हथियार से हमला किया। हमले में जयश्री चौहान को सिर, हाथ और पैरों में गंभीर चोटें आईं, जिससे वे बेहोश होकर गिर पड़े। ग्रामीणों के हस्तक्षेप से उनकी जान बच सकी। आरोपियों द्वारा जाते-जाते जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है।घटना के संबंध में थाना मेंहनगर पर मु0अ0सं0 07/2026 धारा 3(5)/110/352/351(3) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।पुलिस ने कार्रवाई करते हुए राजनेत चौहान सहित कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया है।
हालांकि, घटना के मुख्य आरोपित ग्राम प्रधान बलिराम चौहान के विरुद्ध अब तक किसी प्रकार की गिरफ्तारी न होने से राजनीतिक हलकों और ग्रामीणों में नाराजगी देखी जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, तो फिर ग्राम प्रधान के खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं की जा रही।
इस मामले को लेकर विपक्षी दलों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने निष्पक्ष जांच व ग्राम प्रधान की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस का कहना है कि विवेचना प्रचलित है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

