नईदिल्ली,09 जनवरी। वनडे क्रिकेट में भारतीय क्रिकेट टीम और न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम की भिड़ंत हमेशा से रोमांचक रही है, खासकर जब ये मुकाबले भारतीय सरजमीं पर खेले गए हों। घरेलू परिस्थितियों में भारतीय बल्लेबाजों ने कीवी गेंदबाजों के खिलाफ कई यादगार पारियां खेलीं हैं और लगातार बड़े रन बनाए हैं। ऐसे में आइए आगामी वनडे सीरीज से पहले घरेलू सरजमीं पर सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाजों पर एक नजर डाल लेते हैं।
भारतीय टीम के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली इस सूची में पहले स्थान पर हैं। उन्होंने साल 2010 में न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत में अपना पहला वनडे मुकाबला खेला था। अब तक इस खिलाड़ी ने 18 मुकाबले खेले हैं और इसकी 18 पारियों में 74.80 की उम्दा औसत के साथ 1,122 रन बनाने में सफल रहे हैं। उनके बल्ले से 5 शतक और 5 अर्धशतक निकले हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर नाबाद 154 रन रहा है।
भारतीय टीम के पूर्व महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर कोहली के बाद इस सूची में दूसरे स्थान पर हैं। उन्होंने साल 1994 में भारतीय सरजमीं पर कीवी टीम के खिलाफ पहला वनडे खेला था। आखिरी बार वह 2003 में भारत में न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे खेलते हुए नजर आए थे। उन्होंने 16 मैच की 16 पारियों में 58.64 की औसत से 821 रन बनाए थे। उनके बल्ले से 4 शतक और 2 अर्धशतक निकले थे। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 186 रन था।
इस सूची में तीसरे स्थान पर भारतीय टीम के स्टार बल्लेबाज रोहित शर्मा हैं। कीवी टीम के खिलाफ इस खिलाड़ी ने भारत में अपना पहला वनडे मैच साल 2010 में खेला था। उन्होंने अब तक 15 मुकाबले खेले हैं और इसकी 14 पारियों में 44.28 की औसत से 620 रन बनाने में सफल रहे हैं। उनके बल्ले से 2 शतक और 2 अर्धशतक निकले हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 147 रन रहा है।
चौथे स्थान पर भारत के पूर्व कप्तान मोहम्मद अजहरुद्दीन हैं। उन्होंने भारत में न्यूजीलैंड के खिलाफ अपना पहला वनडे मुकाबला साल 1987 में खेला था। आखिरी बार वह 1995 में खेलते हुए नजर आए थे। इस खिलाड़ी ने 13 मुकाबले खेले थे और इसकी 13 पारियों में 60.50 की औसत से 484 रन बनाने में सफल रहे थे। उनके बल्ले से 1 शतक और 2 अर्धशतक निकले थे। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 108* रन रहा था।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

