कीव, 20 अपै्रल। यूक्रेन ने रविवार की बीती रात दक्षिणी रूस के क्रास्नोडार में स्थित तुआपसे तेल रिफाइनरी पर घातक ड्रोन हमला किया, जिसके बाद क्षेत्र में भीषण आग लग गई। क्रास्नोडार क्षेत्र के गवर्नर वेनियामिन कोंड्राटयेव ने सोमवार को बताया कि बड़े पैमाने पर हुए हमले में कम से कम एक व्यक्ति की मौत हो गई और एक अन्य घायल है। काला सागर बंदरगाह तुआपसे पर 16 अप्रैल को इसी तरह के हमले के बाद आग लग गई थी।
सूत्रों ने बताया कि ड्रोन हमले के बाद तुआपसे के बंदरगाह पर आग लग गई और ड्रोन के मलबे से एक प्राथमिक स्कूल, एक छोटे बच्चों के स्कूल, संग्रहालय, चर्च और रिहायशी इमारतों की खिड़कियां टूटने के साथ-साथ गैस पाइपलाइन को भी नुकसान पहुंचा है। स्थानीय निवासियों ने भी बंदरगाह क्षेत्र में विस्फोटों की सूचना दी और उस इलाके से बड़ी-बड़ी लपटें निकलती देखी गईं। रिफाइनरी में कम से कम दो भंडारण टैंक जल रहे हैं।
तुआपसे तेल उत्पादों का निर्यात केंद्र है जो कोयला और उर्वरक जैसे शुष्क थोक माल का भी संचालन करता है। यह रोसनेफ्ट के स्वामित्व वाली प्रमुख तेल रिफाइनरी इकाई है। यह रूस की 10 सबसे बड़ी तेल रिफाइनरियों में से एक है। यह रिफाइनरी प्रति वर्ष लगभग 1.2 करोड़ टन कच्चे तेल को परिष्कृत करने में सक्षम है। रूस के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि उसने रात भर में 112 यूक्रेनी ड्रोन नष्ट किए हैं।
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

