देवास 20 April, (Rns) । मध्य प्रदेश के देवास जिले में उस समय मातम छा गया, जब क्रिकेट खेलने के दौरान दो मासूमों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि कुएं में गेंद निकालने के दौरान एक बच्चे का पैर फिसल गया। उसे बचाने के लिए दूसरा बच्चा भी कुएं में उतरा, लेकिन संतुलन बिगड़ने पर वह भी कुएं में गिर गया। जिससे दोनों की मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरा इलाका गमगीन हो गया और सन्नाटा छा गया। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। यह पूरा मामला नेवरी पुलिस चौकी का है।
नेवरी पुलिस चौकी प्रभारी हर्ष चौधरी ने मीडिया को बताया कि ग्रामीण क्षेत्र में कुएं से लगे खेत के पास खाली मैदान में गांव के बच्चे क्रिकेट खेल रहे थे। खेलते-खेलते उनकी गेंद पास के एक कुएं में जा गिरी। देवेंद्र (15) नामक बच्चा पहले गेंद निकालने के लिए कुएं में उतरा और पानी ज्यादा होने से अचानक डूबने लगा। अपने साथी को डूबता देख राजवीर (16) बचाने के लिए कुएं में कूदा तो दोनों आपस में एक दूसरे को पकड़ने के चक्कर में डूब गए।

