हैदराबाद,20 अपै्रल (आरएनएस)। तेलंगाना के हैदराबाद से कर्नाटक के हुबली जा रही फ्लाई91 की एक उड़ान को रविवार को तकनीकी समस्या का सामना करना पड़ा, जिससे यात्रियों में दहशत फैल गई। दरअसल, विमान में हुबली हवाई अड्डे पर उतरने से पहले तकनीकी खराबी आ गई, जिससे वह उतर नहीं सका और करीब 4 घंटे तक आसमान में मंडराता रहा। इसके बाद विमान बेंगलुरु हवाई अड्डे की ओर मुड़ गया और वहां सुरक्षित उतरा। इस दौरान यात्रियों की सांसें थम गई।
फ्लाई91 एयरलाइंस की उड़ान आईसी-3401 (एटीआर टर्बोप्रॉप एटी7) रविवार दोपहर लगभग 3 बजे हैदराबाद के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से रवाना हुई थी। उसे शाम 4:30 बजे हुबली उतरना था। जैसे ही विमान हुबली के पास पहुंचा, उसमें तकनीकी खराबी की जानकारी मिली और पायलट ने लैंडिंग रद्द कर दी। इस दौरान विमान करीब 4 घंटे तक मुंडगोड, दावणगेरे और शिवमोग्गा सहित कई क्षेत्रों के ऊपर ही मंडराता रहा और सुरक्षित लैंडिंग सुनिश्चित करने के प्रयास करता रहा।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, कई प्रयासों के बाद विमान को अपना रूट बदलना पड़ा और शाम को साढ़े 7 बजे बेंगलुरु के केम्पागौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुरक्षित उतरा। यह अनुभव यात्रियों के काफी डरावना रहा। बताया जा रहा है कि आसमान पर उडऩे के दौरान यात्री बुरी तरह सहम गए, वे प्रार्थनाएं कर रहे थे और कुछ यात्री फूट-फूटकर रो रहे थे। यात्रियों ने फ्लाई91 पर लापरवाही का आरोप लगाया है। सभी काफी सदमे में हैं।
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

