हेदयातुल्लाह पुरकैत
डायमंड हार्बर,10 जनवरी (आरएनएस)। दक्षिण 24 परगना के चंपाहाटी में एक पटाखा कारखाने में जबरदस्त धमाकों में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। मौके पर दमकल की कई गाडिय़ां पहुंची और राहत कार्य किया। वहीं घायलों को इलाज के लिए कोलकाता के अस्पताल ले जाया गया। स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, आज दोपहर उक्त घटना घटी तो एक बार फिर हड़कंप मच गया। बरुईपुर पुलिस जिले के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि दोपहर करीब एक बजे चाम्पाहाटी स्थित एक फैक्टरी में विस्फोट हुआ, जिससे कारखाने और आसपास के घरों को भारी नुकसान पहुंचा। उन्होंने बताया कि घायल हुए चार लोगों राहुल पुई (22), विश्वजीत मंडल (18), गौर हरि गांगुली (60) और कृष्णा प्रमाणिक (60) के रूप में हुई है। अधिकारी ने बताया, “वे बुरी तरह जल गए थे और उन्हें इलाज के लिए तुरंत बारुईपुर और कोलकाता के अस्पतालों में भर्ती कराया गया।” अधिकारी ने कहा कि धमाके के कारण लगी आग पर काबू पाने के लिए दमकल की कई गाडिय़ों को लगाया गया है। स्थानीय लोगों का दावा है कि धमाका इतना जोरदार और भीषण था कि कारखाने की एस्बेस्टस की छत उड़ गई। एस्बेस्टस एक प्राकृतिक रूप से पाया जाने वाला खनिज पदार्थ है। अधिकारी ने बताया, “विस्फोट का कारण अभी तक पता नहीं चल पाया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।”
इस बारे में बारुईपुर पुलिस जिले के एडिशनल एसपी प्रताप सेनगुप्ता ने कहा, “हमें शनिवार को चंपाहाटी के हरल इलाके में एक पटाखा फैक्ट्री में धमाके की जानकारी मिली। बारुईपुर पुलिस स्टेशन ऑफिसर अर्धेंदुर शेखर डे सरकार बड़ी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। घायलों को इलाज के लिए मेडिकल सेंटर ले जाया गया है। धमाके के कारणों की जांच की जा रही है।”
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

