डायमंड हार्बर 14 जनवरी (आरएनएस)। पश्चिम बंगाल में विशेष गहन संशोधन (एसआईआर) को लेकर हंगामा जारी है और आपत्तियां बढ़ रही हैं। वहीं मतदाता सूची के ड्राफ्ट रोल पर राजनीतिक दलों द्वारा दावे और आपत्तियां बढ़ रही हैं। ऐसे में कथित तौर एसआईआर के काम में लगे तमाम बीएलओ का आरोप है कि चुनाव आयोग के अत्याधिक दबाव के कारण सौ से ज्यादा बीएलओ अपना इस्तीफा देने के लिए मगराहाट नंबर 1 ब्लॉक में एईआरओ कार्यालय गए। लेकिन एईआरओ द्वारा उनके सामूहिक इस्तीफे को स्वीकार न किए जाने के बाद बीएलओ हंगामा पर उतर आए। उन्होंने सड़कों पर बैठकर विरोध प्रदर्शन किया। यह घटना आज दोपहर उस्ती पुलिस स्टेशन के मगराहाट नंबर 1 ब्लॉक ऑफिस के सामने की है। सैकड़ों बीएलओ ने केसीपी हाई स्कूल से एईआरओ ऑफि़स तक मार्च भी किया। इससे पहले पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भारतीय निर्वाचन आयोग के अधिकारी ज्ञानेश कुमार को एक कड़े शब्दों वाला पत्र लिखकर आरोप लगाया है कि मतदाता सूचियों का चल रहा विशेष गहन संशोधन (एसआईआर) लोकतंत्र को कमजोर कर रहा है और आम नागरिकों को परेशान कर रहा है। उन्होंने कहा कि यह प्रक्रिया यांत्रिक, असंवेदनशील और उन संवैधानिक मूल्यों से विमुख हो गई है जिनका इसे पालन करना चाहिए।

