जयदीप यादव
कोलकाता 10 जून (आरएनएस)। जैसे आज दोपहर बाद शाम की दहलीज पर महानगर की फिजा बदली तो उपर काले-काले मेघ ने शहर के लोगों को खुश कर दिया। पिछले कई दिनों से भीषण गर्मी और उमस से झुलस रहे कोलकाता समेत पूरे दक्षिण बंगाल को आखिरकार मौसम ने बड़ी राहत दी है। शाम को आए तेज काल बैसाखी (आंधी-तूफान) और उसके बाद हुई भारी बारिश ने दक्षिण बंगाल में जारी भीषण गर्मी के दौर पर ब्रेक लगा दिया है। आसमान में उमड़े काले बादलों और ठंडी हवाओं के चलते तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों के चेहरे खिल उठे।
कोलकाता, हावड़ा, हुगली, उत्तर व दक्षिण 24 परगना और पूर्व मेदिनीपुर में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हुई। पिछले कई दिनों से 40 डिग्री के आसपास चल रहा तापमान बारिश के बाद अचानक गिर गया, जिससे उमस भरी गर्मी से तुरंत निजात मिली।
उत्तर बंगाल में ‘ऑरेंज अलर्टÓ जारी किया गया है। वहीं अलीपुरद्वार, जलपाईगुड़ी, दार्जिलिंग, कालिम्पोंग और कूचबिहार में अगले 3-4 दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। अलीपुर मौसम विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिकों के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून पहले ही उत्तर बंगाल के उप-हिमालयी क्षेत्रों में प्रवेश कर चुका है। अनुकूल परिस्थितियों के कारण अगले 3 से 4 दिनों के भीतर मानसून के दक्षिण बंगाल और कोलकाता के बाकी हिस्सों को भी कवर करने की पूरी संभावना है। तब तक इलाके में गरज-चमक के साथ छिटपुट बारिश का यह सिलसिला जारी रहेगा। सावधानी बरतने की सलाह के तहत मौसम विभाग ने भारी बारिश और आंधी के दौरान लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रहने और पेड़ों या बिजली के खंभों के नीचे शरण न लेने की हिदायत दी है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

