जहांगीर खान के दफ्तर में अगलगी से उठे गंभीर सवाल
कोलकाता 10 जून (आरएनएस)। सीआईडी कार्यालय संलग्न व अलीपुर कोर्ट के ठीक पास स्थित दक्षिण 24 परगना जिला परिषद की आठ मंजिला इमारत में आज सुबह अचानक भीषण रहस्यमयी आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी इमारत काले धुएं के गुबार में तब्दील हो गई। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में भारी हड़कंप और अफरा-तफरी का माहौल रहा। खबर के लिखे जाने तक दमकल की 12 गाडिय़ों के द्वारा आग पर काबू पाने की कोशिश की जा रही थी और इमारत में फंसे लोगों को निकाला गया।
लेकिन इस अग्निकांड ने अब एक बड़ा राजनीतिक मोड़ ले लिया है। दरअसल, इस इमारत में बंगाल की राजनीति के चर्चित चेहरा जहांगीर खान का भी दफ्तर है, जहां आग लगी है। राजनीतिक गलियारों में इस बात की चर्चा तेज हो गई है कि हाल ही में ‘पुष्पाÓ की गिरफ्तारी के तुरंत बाद ठीक इसी दफ्तर में आग लगना महज एक हादसा है या इसके पीछे कोई गहरी साजिश है? क्या किसी बड़े घोटाले के सबूत मिटाने के लिए यह आग लगाई गई? यह सवाल अब जोर पकडऩे लगा है। प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि उनकी पहली प्राथमिकता आग पर पूरी तरह काबू पाना और फंसे हुए लोगों को सुरक्षित बाहर निकालना है। आग पूरी तरह बुझने के बाद ही जांच के जरिए स्पष्ट हो पाएगा कि इस घटना के पीछे की असली वजह क्या थी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आज सुबह करीब पौने दस बजे (कुछ सूत्रों के अनुसार सुबह 7 बजे) बहुमंजिला इमारत की चौथी मंजिल से धुआं निकलता देखा गया। कुछ ही मिनटों में आग ऊपर की मंजिलों की तरफ फैल गई और सातवीं-आठवीं मंजिल तक पहुंच गई। प्राथमिक तौर पर अनुमान लगाया जा रहा है कि यह आग एयर कंडीशनर (एसी) या शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी है। यह इमारत प्रशासनिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण है क्योंकि यहाँ दक्षिण 24 परगना जिला परिषद के कई अहम सरकारी कार्यालय और पास ही में रजिस्ट्रार ऑफिस भी है। आग के कारण कई महत्वपूर्ण सरकारी दस्तावेजों के जलकर खाक होने की आशंका जताई जा रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही दमकल विभाग की गाडिय़ां मौके पर पहुंचीं। ताजा जानकारी के मुताबिक, आग बुझाने और राहत कार्य के लिए दमकल की कम से कम 10 गाडिय़ों को लगाया गया है। इमारत के शीशे तोड़कर धुएं को बाहर निकालने का प्रयास किया जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक, एक व्यक्ति इमारत की सातवीं मंजिल पर फंस गया था, जिसे दडि़ए (रस्सी) की मदद से सुरक्षित नीचे उतारा गया। दमकलकर्मी ऑक्सीजन सिलेंडर और ब्रीदिंग मशीन लेकर रिले सिस्टम के जरिए अंदर फंसे अन्य लोगों की तलाश कर रहे हैं। सुबह 10:30 बजे दफ्तर आने वाले कर्मचारियों को फिलहाल सुरक्षा के मद्देनजर इमारत के अंदर जाने से रोक दिया गया है।

