रायपुर, 15 जनवरी (आरएनएस)। तिल्दा क्षेत्र की अंग्रेजी और देशी शराब दुकान से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां अज्ञात बदमाशों ने दुकान में घुसकर कर्मचारियों के साथ मारपीट की और चार कर्मचारियों को जबरन अपने साथ ले गए। घटना के दौरान एक कर्मचारी किसी तरह जान बचाकर भागने में सफल रहा, जबकि चार अन्य कर्मचारियों का अब तक कोई पता नहीं चल पाया है।
मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार शाम शराब दुकान में कर्मचारी रोज़ की तरह ड्यूटी पर तैनात थे। इसी बीच कुछ अज्ञात लोग अचानक दुकान में घुसे और कर्मचारियों से बदसलूकी करने लगे। देखते ही देखते बदमाशों ने चार कर्मचारियों को जबरदस्ती अगवा कर लिया। अचानक हुई इस वारदात से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद लोग दहशत में आ गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है और अगवा किए गए कर्मचारियों की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, आरोपियों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संभावित गवाहों से पूछताछ की जा रही है।
इस घटना के बाद तिल्दा और आसपास के इलाकों में भय का माहौल बन गया है। स्थानीय व्यापारियों और कर्मचारियों ने सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। पुलिस ने लोगों को भरोसा दिलाया है कि जल्द ही सभी कर्मचारियों को सुरक्षित बरामद कर लिया जाएगा और आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि अगवा करने के पीछे क्या कारण हो सकता है और क्या यह वारदात पहले से सुनियोजित थी। फिलहाल किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है, लेकिन पूरे इलाके में तलाशी अभियान तेज कर दिया गया है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी को संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।
बंछोर
०००

