हरिद्वार,15 जनवरी (आरएनएस)। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के परिसर में गुरुवार को सेना दिवस पर एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आगाज नालसा थीम सांग एक मुठ्ठी आसमान से किया गया। कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की संचालित विभिन्न योजनाओं के बारे में जानकारी दी गई। कार्यक्रम में पूर्व सैनिकों सहित उनके परिवार जन उपस्थित हुए। प्राधिकरण सचिव सिमरन जीत कौर ने पूर्व सैनिकों को राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण की संचालित योजना जैसे वीर परिवार सहायता योजना के बारे में विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जनपद न्यायाधीश अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्रधिकरण ने पूर्व सैनिकों से कहा कि हमारी स्वतंत्रता इसलिए सुरक्षित है क्योंकि हमारी भारतीय सेना का साहस अदम्य है। हम अपने घरों में इसलिए चैन से सो पाते हैं,क्योंकि सरहद पर हमारे सैनिक हमारी सुरक्षा के लिए समर्पित होकर तैनात हैं। आज उन सभी वीर सैनिकों को याद करने व नमन करने का दिवस है। प्राधिकरण सभी सैनिकों के लिए विधिक सहायता के लिए सदैव तत्पर है। कार्यक्रम में पूर्व सैनिकों ने अपनी समस्याएं बताईं। साथ ही पूर्व सैनिकों के परिवारजनों से आये बच्चों के माध्यम से सांस्कृतिक प्रस्तुति दी गई। कार्यक्रम में जनपद न्यायाधीश नरेद्र दत्त,मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रट संदीप कुमार सचिव सिमरनजीत कौर ने प्रतिभागियों को सम्मान पत्र देकर पूर्व सैनिकों व उनके परिवार जनों का आभार व्यक्त किया गया।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

