चंडीगढ़ 16 Jan, (Rns) | पंजाब में बिगड़ती कानून-व्यवस्था और मुख्यमंत्री भगवंत मान व आतिशी से जुड़े कथित वायरल वीडियो के मामले में आज भाजपा प्रदेश सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल रही है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ के नेतृत्व में पार्टी के वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता सेक्टर 37 स्थित कार्यालय से मुख्यमंत्री आवास की ओर रोष मार्च निकालेंगे। घेराव के मुख्य कारण और भाजपा के सवाल : वायरल वीडियो की फॉरेंसिक जांच: सुनील जाखड़ ने डीजीपी को पत्र लिखकर मांग की है कि मुख्यमंत्री के उस वायरल वीडियो की जांच कराई जाए जिसमें कथित तौर पर श्री गुरु नानक देव जी के प्रति आपत्तिजनक आचरण दिखाया गया है। भाजपा का कहना है कि अगर वीडियो सही है तो मुख्यमंत्री को पद पर रहने का हक नहीं। लॉ एंड ऑर्डर और गैंगस्टर राज: भाजपा प्रवक्ता प्रितपाल सिंह बलियावाल के अनुसार, पंजाब में सरेआम हत्याएं हो रही हैं और गैंगस्टरों का राज चल रहा है। भाजपा इन मुद्दों पर मुख्यमंत्री से सीधी जवाबदेही चाहती है।
जांच की विश्वसनीयता पर संदेह: भाजपा ने जालंधर पुलिस द्वारा आतिशी के वीडियो को दी गई ‘क्लीन चिट’ पर सवाल उठाए हैं। पार्टी का कहना है कि जब तीन अलग-अलग वीडियो वायरल हैं, तो केवल एक दिन में एक ही वीडियो की जांच कर नतीजे कैसे घोषित कर दिए गए?
एसएसपी पटियाला वीडियो केस: भाजपा का आरोप है कि पटियाला एसएसपी से जुड़ी वायरल ऑडियो-वीडियो की रिपोर्ट को भी सार्वजनिक नहीं किया जा रहा है।
पार्टी की मांग : भाजपा की स्पष्ट मांग है कि सरकार इन सभी संवेदनशील वीडियो की पारदर्शी और स्वतंत्र फॉरेंसिक जांच कराए ताकि दूध का दूध और पानी का पानी हो सके। पार्टी का आरोप है कि सरकार इस मामले में लीपापोती करने की कोशिश कर रही है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

