नई टिहरी,16 जनवरी (आरएनएस)। जौनपुर ब्लॉक की बहुउद्देशीय सहकारी समिति खेड़ा और स्यालसी के नव निर्वाचित संचालक मंडल को विधायक प्रीतम पंवार ने शपथ दिलाई। विधायक ने संचालक मंडल से सहकारिता को घर-घर पहुंचाने को कहा। ब्लॉक मुख्यालय थत्यूड़ में खेड़ा समिति की अध्यक्ष शोभना देवी और स्यालसी समिति के अध्यक्ष सजेंद्र सेनवाल सहित संचालक मंडल का शपथ समारोह शुक्रवार को संपन्न हुआ। विधायक पंवार ने दीनदयाल उपाध्याय कृषक कल्याण योजना के अंतर्गत 45 कृषक सदस्यों को जीरो प्रतिशत ब्याज पर करीब 50 लाख रुपये ऋण के चेक वितरित किए। कहा कि किसान इससे पशुपालन, कृषि एवं फूड प्रोसेसिंग जैसे स्वरोजगार क्षेत्र के कार्य कर अपनी आजीविका को और मजबूत कर सकेंगे। विशिष्ठ अतिथि जिला सहकारी बैंक के पूर्व अध्यक्ष सुभाष रमोला ने कहा कि सरकार की ओर से महिलाओं को सहकारिता के क्षेत्र में आरक्षण देकर उनका हक दिश्या जा रहा है। सहकारिता क्षेत्र में लोग आत्मनिर्भर बन रहे हैं। इस मौके पर ब्लॉक प्रमुख सीता पंवार, भाजपा जिला उपाध्यक्ष वीरेंद्र राणा, मंडल अध्यक्ष सुनील थपलियाल, अपर जिला सहकारी अधिकारी आनंद सिंह, सहायक विकास अधिकारी प्रमोद कुमार, समिति सचिव रमेश कुमार, धर्मेंद्र मल्ल, राजेंद्र राठौर, उपेंद्र चौहान मौजूद थे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

