– जनसंख्या के आधार पर पेयजल की बढ़ती मांग का आकलन प्रस्तुत करें : डीएम
नई टिहरी,16 जनवरी (आरएनएस)। डीएम नितिका खंडेलवाल ने जल एवं स्वच्छता मिशन की बैठक ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जनसंख्या के आधार पर पेयजल की बढ़ती मांग का आकलन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही बढ़ती जनसंख्या के लिए भी अलग से प्रोजेक्ट तैयार करने को कहा। उन्होंने कहा कि तकनीकी परीक्षण के लिए एक समिति गठित कर उसकी संस्तुति के बाद प्रकरण को जिला जल व स्वच्छता मिशन के समक्ष प्रस्तुत करें। इस मौके पर जल जीवन मिशन में 14 ग्रामों की पेयजल योजनाओं के पुनर्जीवन की जानकारी दी गई। प्रस्तुतीकरण में ग्रामवार वर्तमान जल स्रोतों की स्थिति, मौजूदा जलापूर्ति प्रणालियों में सुधार, गदेरों का सुदृढ़ीकरण व नवीनीकरण, भंडारण क्षमता बढ़ाने, मशीनरी कार्य अपग्रेड करने, क्लोरीनेशन सिस्टम, भूजल पुनर्भरण संरचनाओं के निर्माण आदि प्रस्तावित कार्यों को बढ़ाने पर जोर दिया गया। साथ ही प्रस्तावित नलकूप स्थलों पर रेसिस्टिविटी सर्वे के लिए चयनित स्थानों की जानकारी भी साझा की गई। बैठक में हंस फाउंडेशन की ओर से किए गए कार्यों की समीक्षा करते हुए अपूर्ण कार्यों और प्राप्त शिकायतों पर भी विस्तृत चर्चा की गई। संबंधित अधिकारियों को कार्य पूरा करने और शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने के निर्देश दिए गए। बैठक में सीडीओ वरुणा अग्रवाल, अधिशासी अभियंता पेयजल निगम संदीप कश्यप, अधीक्षण अभियंता जल संस्थान वीसी रमोला, ईई पेयजल निगम चंबा केएन सेमवाल, ईई प्रशांत भारद्वाज, ईई देवप्रयाग नरेश पाल सिंह, अनूप कुमार ड्यूंडी, एडीपीआरओ ऋषिराम उनियाल, यूटीडीबी से काशीनाथ, आशीष और अनिरुद्ध आदि मौजूद थे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

