भोपाल 16 जनवरी (आरएनएस)। महाराष्ट्र निकाय चुनावों में महायुति की प्रचंड जीत पर जिला भोपाल द्वारा भाजपा प्रदेश कार्यालय में आतिशबाजी एवं मिष्ठान्न वितरण कर उत्सव मनाया गया। भाजपा जिला अध्यक्ष रविन्द्र यति ने कहा कि महाराष्ट्र निकाय चुनावों में भाजपा-महायुति गठबंधन को मिली प्रचंड जीत पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि महाराष्ट्र निकाय चुनावों में महायुति की प्रचंड जीत, जनता के अटूट विश्वास पर मुहर है। महाराष्ट्र की जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकास मॉडल और डबल इंजन सरकार को ऐतिहासिक जनादेश दिया है। जनता ने नकारात्मक,अवसरवादी और परिवारवादी राजनीति को खारिज कर दिया है।
सांसद आलोक शर्मा ने कहा कि निकाय चुनावों में महाराष्ट्र की जनता ने एक बार फिर कांग्रेस और ठाकरे बंधुओं की नकारात्मक, अवसरवादी और परिवारवादी राजनीति को पूरी तरह नकार दिया है। जनता ने स्पष्ट संदेश दिया है कि अब महाराष्ट्र में भ्रम फैलाने वाली राजनीति नहीं, बल्कि काम करने वाली, जवाबदेह और विकास के प्रति समर्पित सरकार चाहिए। यह जनादेश इस बात का प्रमाण है कि जनता अब झूठे आरोपों, अवरोध की राजनीति और स्वार्थपरक गठबंधनों से ऊपर उठकर विकास, स्थिरता और सुशासन को प्राथमिकता दे रही है।
भाजपा के प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी ने कहा कि महायुति की प्रचंड और ऐतिहासिक विजय जनता के विश्वास, सुशासन और विकासोन्मुखी राजनीति की स्पष्ट अभिव्यक्ति है। जनता ने बड़े जनादेश के माध्यम से यह सिद्ध कर दिया है कि वह स्थिर सरकार, पारदर्शी प्रशासन और परिणाम देने वाली राजनीति के साथ खड़ी है। यह जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकास मॉडल, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के सशक्त नेतृत्व और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की जनहितकारी नीतियों पर जनता की मुहर है। केंद्र और राज्य की डबल इंजन सरकार के कारण शहरी विकास, बुनियादी ढांचा, स्वच्छता, जल आपूर्ति, डिजिटल सेवाओं और नागरिक सुविधाओं में जो व्यापक और तेज़ सुधार हुआ है, उसका सीधा लाभ आम नागरिकों तक पहुंचा है। निकाय स्तर पर दिखने वाला यही विकास इस ऐतिहासिक जनादेश का प्रमुख कारण बना है।
विधायक भगवानदास सबनानी ने कहा कि महायुति की यह विजय नकारात्मक राजनीति, स्पष्ट नीतियों और जनकल्याण के प्रति प्रतिबद्धता की जीत है, जिसने महाराष्ट्र के भविष्य को मजबूत दिशा देने का काम किया है। यह ऐतिहासिक विजय भारतीय जनता पार्टी और महायुति के हर कार्यकर्ता की अथक मेहनत, अनुशासन और जनता से निरंतर संवाद का परिणाम है। बूथ स्तर तक सक्रिय और समर्पित कार्यकर्ताओं ने संगठन की मजबूती को जमीन पर साकार किया, जिससे यह जनादेश संभव हुआ। उन्होंने महाराष्ट्र की जनता का हृदय से आभार व्यक्त करत हुए सभी कार्यकर्ताओं को इस बड़ी जीत के लिए हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं।
इस अवसर पर पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेंद्र शर्मा, प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी, प्रदेश मंत्री रजनीश अग्रवाल, प्रदेश कार्यालय मंत्री श्याम महाजन, सांसद आलोक शर्मा, महापौर मालती राय, विधायक भगवानदास सबनानी, वरिष्ठ भाजपा नेता विनोद गोटिया, जिला अध्यक्ष रविन्द्र यति एवं नगर निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी, जिला उपाध्यक्ष मनोज राठौर, जिला मीडिया प्रभारी राजेंद्र गुप्ता, अश्वनी राय, युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष अजय पाटीदार सहित मोर्चा अध्यक्ष, जिला पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

