अयोध्या,17 जनवरी (आरएनएस)। विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान के तहत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जनपद में चार निर्धारित तिथियों पर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के प्रथम दिन शनिवार को पूर्व सांसद लल्लू सिंह ने करियप्पा मंडल के विभिन्न बूथों पर नवमतदाताओं से संवाद किया और पात्र युवाओं के फार्म संख्या-6 भरवाने की प्रक्रिया को गति दी। पूर्व सांसद को करियप्पा मंडल का प्रवासी नियुक्त किया गया है, जिसके तहत वे क्षेत्र में संगठनात्मक समन्वय और मतदाता जागरूकता का कार्य कर रहे हैं।
भ्रमण के दौरान पूर्व सांसद ने बूथ लेवल कार्यकर्ताओं को स्पष्ट निर्देश दिए कि बोगस मतदाताओं के नाम हटाने, मृतक मतदाताओं तथा स्थानांतरित हो चुके मतदाताओं के नाम सूची से विलोपित कराने पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने कहा कि शुद्ध, पारदर्शी और त्रुटिरहित मतदाता सूची लोकतंत्र की मजबूती की आधारशिला है, इसलिए प्रत्येक कार्यकर्ता अपनी जिम्मेदारी पूरी निष्ठा से निभाए। पूर्व सांसद लल्लू सिंह ने कहा विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान का उद्देश्य हर पात्र नागरिक को मताधिकार दिलाना और मतदाता सूची को पूरी तरह शुद्ध करना है। युवा नवमतदाता लोकतंत्र की शक्ति हैं, उन्हें जोडऩा हमारी प्राथमिकता है, वहीं फर्जी और अपात्र नामों को हटाना भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से घर-घर संपर्क कर अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया। इस दौरान मंडल रवि सोनकर, बुद्धिपाल प्रजापति सहित अन्य पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

