मिल्कीपुर-अयोध्या,17 जनवरी (आरएनएस)। डीएवी पब्लिक स्कूल कुमारगंज के कक्षा 12 के छात्र की शनिवार की सुबह स्कूल आते समय सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई। 18 वर्षीय छात्र युवराज सिंह पुत्र बंसराज सिंह थाना बल्दीराय (सुल्तानपुर) के ग्राम भखरी से बाइक से पूर्वांचल एक्सप्रेसवे की सर्विस लेन से कुमारगंज स्थित एनडी डीएवी पब्लिक स्कूल आ रहा था। डीह गांव के पास तेज रफ्तार अनियंत्रित पिकअप में छात्र की बाइक में जोरदार टक्कर मार दी दुर्घटना में छात्र युवराज गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल छात्र को स्थानीय लोगों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बल्दीराय पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान युवराज ने दम तोड़ दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दुर्घटना में शामिल पिकअप वाहन को जब्त करके चालक को हिरासत में ले लिया। छात्र युवराज अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था तथा उसकी दो बड़ी बहनें व पिता खेती किसानी करते हैं। डीएवी पब्लिक स्कूल की प्रधानाचार्या पुष्पा कुमारी ने बताया कि युवराज बड़ा ही होनहार और सरल स्वभाव का छात्र था, घटना की जानकारी मिलने के बाद विद्यालय में अवकाश घोषित कर दिया गया है। वहीं घटना में बारे में थानाध्यक्ष नारद मुनि सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों से तहरीर मिलने पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

