लखनऊ,17 जनवरी (आरएनएस)। उत्तर प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री तथा लखनऊ जनपद के प्रभारी मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने डायमंड डेरी कॉलोनी में सफाई व्यवस्था और पूर्व में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की स्थिति परखने के लिए पुन: अचानक निरीक्षण किया। इससे पहले शुक्रवार को उन्होंने जोन एक के विभिन्न वार्डों में प्रात: सात बजे औचक निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया था, जहां खामियां और लापरवाही पाए जाने पर अधिकारियों व संबंधित कर्मचारियों पर कड़ी नाराजगी जताते हुए फटकार लगाई गई थी।शुक्रवार के निरीक्षण के दौरान दिए गए निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा के लिए प्रभारी मंत्री आज फिर डायमंड डेरी कॉलोनी पहुंचे और जमीनी हकीकत को परखा। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि सफाई कार्य लगातार जारी है, अधिकांश क्षेत्रों में सफाई कराई जा चुकी है और नगर निगम द्वारा अवैध कब्जों को भी हटा दिया गया है।निरीक्षण के दौरान प्रभारी मंत्री ने नगर आयुक्त को निर्देश दिए कि अवैध कब्जे से मुक्त कराए गए स्थान पर ओपन जिम का निर्माण कराया जाए तथा सुरक्षा की दृष्टि से जाली लगाकर उसकी बैरिकेटिंग सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि 20 दिनों के बाद संबंधित स्थल का पुन: निरीक्षण किया जाएगा।प्रभारी मंत्री ने कहा कि स्वच्छता से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्वच्छता कार्यों में विशेष रुचि लेते हुए नियमित मॉनिटरिंग करें, क्योंकि सतत निगरानी से ही बेहतर परिणाम सामने आते हैं। साथ ही संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार स्थलीय निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था को हर हाल में सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

