लखनऊ,17 जनवरी (आरएनएस)। उत्तर प्रदेश में निवेश को नई गति देने के उद्देश्य से राज्य का एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल वर्ल्ड इकोनोमिक फोरम में भाग लेने स्विट्जरलैंड जाएगा। प्रतिनिधिमंडल की अध्यक्षता प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना करेंगे।वर्ल्ड इकोनोमिक फोरम का वार्षिक सम्मेलन 19 से 23 जनवरी तक स्विट्जरलैंड के दाओस शहर में आयोजित किया जा रहा है। इस दौरान उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधिमंडल देश-विदेश के निवेशकों से मुलाकात कर राज्य में निवेश की संभावनाओं पर विस्तृत चर्चा करेगा। विशेष रूप से सेमीकंडक्टर, पर्यटन, सौर ऊर्जा सहित विभिन्न प्रमुख क्षेत्रों में निवेश प्रस्तावों को लेकर संवाद किया जाएगा, ताकि प्रदेश में औद्योगिक विकास, रोजगार सृजन और आधुनिक तकनीक को बढ़ावा मिल सके।प्रतिनिधिमंडल में वित्त मंत्री के साथ अपर मुख्य सचिव वित्त दीपक कुमार, सचिव मुख्यमंत्री अमित सिंह तथा सीईओ इन्वेस्ट यूपी विजय किरन आनंद भी शामिल होंगे। सम्मेलन के माध्यम से उत्तर प्रदेश को वैश्विक निवेश मानचित्र पर और मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा। प्रतिनिधिमंडल 24 जनवरी को स्वदेश लौटेगा।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

