लखनऊ,17 जनवरी (आरएनएस)। उत्तर प्रदेश अब वैश्विक निवेश मानचित्र पर अपनी प्रभावी और सशक्त उपस्थिति दर्ज कराने के लिए पूरी तरह तैयार है। स्विट्जऱलैंड के दावोस में 19 से 23 जनवरी 2026 तक आयोजित होने वाली वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम की वार्षिक बैठक में प्रदेश का उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल प्रतिभाग करेगा। इस वैश्विक मंच पर उत्तर प्रदेश अंतरराष्ट्रीय निवेशकों, बहुराष्ट्रीय कंपनियों और उद्योग जगत के प्रमुख नेतृत्व के साथ संवाद स्थापित करते हुए राज्य में उपलब्ध रणनीतिक निवेश अवसरों को आगे बढ़ाएगा।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दूरदर्शी नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ने बीते वर्षों में निवेश, नवाचार और औद्योगिक विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। नई औद्योगिक नीतियों, पारदर्शी प्रशासनिक व्यवस्था और मजबूत बुनियादी ढांचे के चलते प्रदेश देश के अग्रणी निवेश गंतव्यों में शामिल हुआ है। इसी क्रम में वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम 2026 में भागीदारी राज्य की वैश्विक आर्थिक उपस्थिति को और मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। इस पूरी सहभागिता का समन्वय इन्वेस्ट यूपी द्वारा किया जा रहा है, जो उत्तर प्रदेश सरकार की निवेश प्रोत्साहन एवं सुविधा एजेंसी है।वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम दावोस 2026 में उत्तर प्रदेश के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कैबिनेट मंत्री वित्त एवं संसदीय कार्य सुरेश कुमार खन्ना करेंगे। उनके साथ अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त दीपक कुमार, मुख्यमंत्री कार्यालय के सचिव अमित सिंह, अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास विभाग के सचिव तथा इन्वेस्ट यूपी एवं यूपीसीडा के मुख्य कार्यपालक अधिकारी विजय किरण आनंद और ऊर्जा विभाग के विशेष सचिव एवं यूपीनेडा के निदेशक इंदरजीत सिंह भी शामिल रहेंगे। यह प्रतिनिधिमंडल वैश्विक मंच पर उत्तर प्रदेश की औद्योगिक उपलब्धियों, नीतिगत सुधारों और उभरते निवेश क्षेत्रों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करेगा।दावोस में उत्तर प्रदेश का विशेष फोकस राज्य को ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर्स के लिए एक पसंदीदा निवेश गंतव्य के रूप में स्थापित करने पर रहेगा। इसके साथ ही निवेश-केंद्रित प्रस्तुतियों, मल्टीमीडिया शोकेस और सुनियोजित द्विपक्षीय बैठकों के माध्यम से सेमीकंडक्टर, ऊर्जा, पर्यटन, आईटी, मैन्युफैक्चरिंग और नवीकरणीय ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में उपलब्ध अवसरों को वैश्विक निवेशकों के समक्ष रखा जाएगा। ईज ऑफ डूइंग बिजनेस को और सुदृढ़ करने, पारदर्शी प्रशासन तथा समयबद्ध परियोजना क्रियान्वयन के संदेश के साथ प्रदेश की प्रतिबद्धता को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रेखांकित किया जाएगा।उत्तर प्रदेश का विशाल उपभोक्ता बाजार, मजबूत सड़क, रेल और हवाई कनेक्टिविटी, आधुनिक औद्योगिक क्लस्टर, निवेशकों के अनुकूल नीतियां और सिंगल विंडो सिस्टम आधारित इकोसिस्टम वैश्विक कंपनियों के लिए इसे एक आकर्षक निवेश केंद्र बना रहे हैं। वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम दावोस 2026 में प्रदेश की सहभागिता इस बात का स्पष्ट संकेत है कि उत्तर प्रदेश उच्च गुणवत्ता वाले निवेश को आकर्षित करने, अंतरराष्ट्रीय साझेदारियों को गहरा करने और भारत की अर्थव्यवस्था के एक प्रमुख विकास इंजन के रूप में अपनी भूमिका को और सशक्त करने के लिए प्रतिबद्ध है।लगातार वैश्विक सहभागिता और रणनीतिक संवाद के माध्यम से उत्तर प्रदेश दीर्घकालिक, समावेशी और सतत विकास के अपने लक्ष्य की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

