*गुणवत्ता पूर्ण कार्य करवाए जाने के आश्वासन पर माने ग्रामीण
मीरजापुर,17 जनवरी (आरएनएस)। ड्रमंडगंज थाना क्षेत्र के गूलपुर गांव से गलरा गांव तक लोनिवि द्वारा तीन किलोमीटर लंबी बनाई जा रही सड़क को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश फूंट पड़ा। संबंधित ठेकेदार द्वारा घटिया सड़क निर्माण करवाए जाने पर शनिवार को गलरा खुटहा साधन सहकारी समिति के पूर्व अध्यक्ष हरिशंकर पटेल के साथ मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने कार्य को रोक दिया। सड़क निर्माण कार्य रोके जाने की सूचना पाकर मौके पर पहुंचे पीडब्ल्यूडी के अवर अभियंता सुशील कुमार ने सड़क निर्माण करवा रहे ठेकेदार छोटे लाल उपाध्याय को फटकार लगाते हुए गुणवत्ता पूर्ण सड़क निर्माण कार्य करवाने का निर्देश दिया। जेई सुशील कुमार को ग्रामीणों ने बताया कि ठेकेदार द्वारा करीब आधी किलोमीटर सड़क का निर्माण करवाया जा चुका है लेकिन घटिया निर्माण कार्य और सड़क की बिना सफाई करवाए और सड़क निर्माण पूर्व पानी की तराई नही किए जाने से सड़क उखडऩे लगी है। ग्रामीण हरिशंकर पटेल, ब्रह्मानंद मिश्र, सिकंदर बैद, नचकऊ वर्मा आदि ग्रामीणों ने बताया कि ठेकेदार द्वारा सड़क निर्माण कार्य में घटिया काम करवाए जाने पर कार्य को रोक दिया गया था। ग्रामीणों ने गुणवत्ता पूर्ण सड़क निर्माण करवाए जाने की मांग की है। इस संबंध में लोक निर्माण विभाग के अवर अभियंता सुशील कुमार ने बताया कि ग्रामीणों की शिकायत पर मौके पर पहुंचकर सड़क निर्माण कार्य का निरीक्षण किया गया। गुणवत्तापूर्ण सड़क बनाए जाने हेतु संबंधित ठेकेदार को निर्देशित किया गया है। यदि सड़क निर्माण कार्य गुणवत्ता विहीन पाया गया तो ठेकेदार के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

