लखनऊ,17 जनवरी (आरएनएस)। उत्तर प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री तथा लखनऊ जनपद के प्रभारी मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने डायमंड डेरी कॉलोनी में सफाई व्यवस्था और पूर्व में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की स्थिति परखने के लिए पुन: औचक निरीक्षण किया। इससे पहले शुक्रवार को उन्होंने जोन एक के विभिन्न वार्डों में प्रात: सात बजे सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया था, जहां गंदगी और लापरवाही पाए जाने पर अधिकारियों एवं संबंधित कर्मचारियों पर कड़ी नाराजगी जताई गई थी।उसी क्रम में आज प्रभारी मंत्री दोबारा डायमंड डेरी कॉलोनी पहुंचे और जमीनी हकीकत को स्वयं देखा। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि सफाई कार्य लगातार जारी है, काफी हद तक सफाई कराई जा चुकी है और नगर निगम द्वारा अवैध कब्जों को हटा दिया गया है। सफाई व्यवस्था में सुधार को देखते हुए प्रभारी मंत्री ने नगर निगम की कार्रवाई की समीक्षा की और आगे की कार्ययोजना पर निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान प्रभारी मंत्री ने नगर आयुक्त को निर्देशित किया कि अवैध कब्जे से मुक्त कराए गए स्थान पर ओपन जिम का निर्माण कराया जाए तथा जाली के माध्यम से उसकी बैरिकेटिंग सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि 20 दिनों के बाद संबंधित स्थल का पुन: निरीक्षण किया जाएगा और तब तक सभी निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित होना चाहिए।प्रभारी मंत्री ने कहा कि स्वच्छता संबंधी कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वच्छता कार्यों में विशेष रुचि लेकर नियमित मॉनिटरिंग करें, क्योंकि प्रभावी निगरानी से ही बेहतर परिणाम सामने आते हैं। साथ ही संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार स्थलीय निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था को दुरुस्त बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए।निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त गौरव कुमार, क्षेत्रीय पार्षद एवं स्वच्छता प्रोत्साहन समिति के संयोजक सुनील मिश्रा सहित नगर निगम के अन्य अधिकारी, कर्मचारी और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

