कुड़वार, सुल्तानपुर,17 जनवरी (आरएनएस)। मकर संक्रांति के पावन अवसर पर सरकौड़ा गांव सभा स्थित हैजा माई धाम परिसर में कंबल वितरण व सहभोज कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सैकड़ों ग्रामीणों ने सहभागिता की। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सहकारिता प्रकोष्ठ के सह संयोजक राम चंद्र मिश्रा रहे।
कार्यक्रम में पहुंचे अतिथियों का आयोजक एवं पूर्व प्रधान अशोक यादव ने अंगवस्त्र भेंट कर सम्मान किया। उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि राम चंद्र मिश्रा ने कहा कि संगठन में ही वास्तविक शक्ति निहित होती है। यदि समाज संगठित होकर कार्य करे तो कोई भी लक्ष्य कठिन नहीं रहता। उन्होंने प्रदेश व केंद्र में भाजपा सरकार का उल्लेख करते हुए कहा कि जनसहयोग से ही आज देश और प्रदेश में स्थिर व मजबूत सरकार कार्य कर रही है, जिसकी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है। मुख्य अतिथि ने भीषण ठंड के मौसम में जरूरतमंदों के लिए किए गए कंबल वितरण की सराहना करते हुए इसे सराहनीय सामाजिक कार्य बताया। आयोजक की ओर से सरकौड़ा गांव सभा के लगभग 500 जरूरतमंद लोगों को कंबल वितरित किए गए, जिससे ग्रामीणों में खुशी और संतोष का माहौल देखने को मिला। इस अवसर पर भाजपा नेता रमेश तिवारी, शान, आरडी सिंह, सत्य नारायण पांडेय, राम शंकर मिश्रा, हरिराम पाल, महेश तिवारी, अनिल श्रीवास्तव, अशोक यादव, अवधेश यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण व कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में सहभोज का आयोजन हुआ, जिसमें सभी ने सहभागिता की।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

